इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। उन्हें 48 घंटे में निजी अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराने को कहा गया है।
Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए बड़ी राहत की खबर है। देश की शीर्ष अदालत ने उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए जेल में बंद इमरान खान को एक निजी अस्पताल में ले जाने का आदेश दिया है। यह फैसला उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और परिवार की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद आया है। PTI और इमरान खान के परिवार ने अदियाला जेल से सामने आई उनकी हालिया मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद अस्पताल में इलाज कराने की मांग लगातार उठाई जा रही थी।
48 घंटे के भीतर अस्पताल ले जाने का आदेश
PTI के प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया है। अदालत के आदेश के अनुसार, उन्हें 16 सितंबर तक अस्पताल में रखा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच हर सप्ताह मुलाकात कराने का आदेश भी दिया है। इससे परिवार को उनकी सेहत की स्थिति के बारे में जानकारी लेने का मौका मिलेगा।
इमरान खान की सेहत के लिए बनेगा मेडिकल बोर्ड
अदालत ने इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाने का भी निर्देश दिया है। इस बोर्ड में PTI नेता के निजी डॉक्टर के साथ उनकी बहन डॉ. उज़मा खान भी शामिल होंगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के वकीलों और परिवार को उनकी मेडिकल रिपोर्ट मीडिया के साथ साझा नहीं करने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह भी कहा है कि उनकी सेहत से जुड़े मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं इमरान खान
73 वर्षीय इमरान खान क्रिकेटर से राजनेता बने हैं। वह अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। इमरान खान का कहना है कि 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद उनके खिलाफ राजनीतिक कारणों से मामले दर्ज किए गए। हालांकि, उनके खिलाफ चल रहे मामलों में कुछ सजाओं पर रोक लगाई जा चुकी है या उन्हें पलटा गया है, जबकि कई अपीलें अब भी लंबित हैं। खान ने अपने खिलाफ लगे आरोपों में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।
इमरान खान की सेहत को लेकर लंबे समय से चिंता
इमरान खान की सेहत को लेकर पिछले साल से लगातार चिंता जताई जा रही है। उनके बेटे कई बार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। उनके वकीलों का दावा है कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी कम हो गई है। इमरान खान की सेहत को लेकर पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खान की मेडिकल रिपोर्ट देखी हैं और उन्हें ये रिपोर्ट चिंताजनक लगीं।
आरिफ अल्वी ने मेडिकल रिपोर्ट को बताया चिंताजनक
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में आरिफ अल्वी ने कहा कि उन्होंने कई विशेषज्ञों के साथ इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट को देखा है। उन्होंने कहा कि वह रिपोर्ट की स्थिति को आसान भाषा में इसलिए बता रहे हैं, ताकि हर पाकिस्तानी इसे समझ सके।
- अल्वी ने इमरान खान के एंग्जायटी और तनाव के स्तर, धड़कन बढ़ने और हाई ब्लड प्रेशर को लेकर खास चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में नींद न आने का सीधे तौर पर जिक्र नहीं था, लेकिन इमरान खान जो दवाएं ले रहे थे, उनसे इसका संकेत मिलता है।
- आरिफ अल्वी ने कहा कि वह इमरान खान को 35 साल से ज्यादा समय से जानते हैं और तनाव कभी उनकी कमजोरी नहीं रहा। उनके मुताबिक, अब तनाव का इस स्तर तक पहुंचना यह दिखाता है कि करीब तीन साल की जेल और पूरी तरह अकेले रखे जाने का इमरान खान पर कितना असर पड़ा है।
दुनिया भर के क्रिकेटरों ने भी जताई थी चिंता
इमरान खान की जेल की स्थिति को लेकर दुनिया के कई महान क्रिकेटरों ने भी चिंता जताई थी। फरवरी में भारत के खिलाड़ियों समेत दुनिया भर के कई क्रिकेटरों ने उनकी जेल की स्थिति पर "गहरी चिंता" जाहिर करते हुए उनके साथ बेहतर व्यवहार की मांग की थी।
इमरान खान पर चल रहे हैं कई मुकदमे
- 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता गंवाने के बाद इमरान खान पर कई मुकदमे चल रहे हैं। इनमें सरकारी तोहफों और गैर-कानूनी शादी से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
- कुछ मामलों में उनकी सजा पर रोक लगाई गई है या सजा को पलट दिया गया है। वहीं, कई मामलों में अपील अभी भी लंबित हैं। इमरान खान लगातार अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार करते रहे हैं।


