मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव से हाहाकार मचा हुआ है। मौसम विभाग ने दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी जारी की है।  खजुराहो एमपी का सबसे गर्म शहर रहा। बढ़ते तापमान को देखते हुए भोपाल और इंदौर में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

पूरे भारत में इस साल भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं मध्य प्रदेश में तो गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। सुबह 7 से ही सूरज के तीखे तेवर ऐसे हो रहे हैं जैसे आसमान से आग बरस रही हो। शनिवार को स्टेट के 6 शहरों में तापमान 44 डिग्री या इसके पार हो गया। इसी बीच भोपाल कलेक्टर ने 8वीं तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में छुट्टी करने का ऐलान कर दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मौसम विभाग का अलर्ट, जरा सी गलती बन सकती है खतरा

मध्य प्रदेश के मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में हीट वेव यानी, लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं लोगों को सावधान करते हुए कहा कि बच्चे-बुजुर्ग और बीमार लोग दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलें। अगर जरूरी काम से कहीं जाना पड़ रहा है तो काफी पानी पीकर निकलें और साथ में लेकर जाएं। इसके अलावा अपने आप को हल्के कपड़े से पैक भी करें। नहीं तो जरा सी लापरवाही आपके लिए खतरा बन सकती है।

इंदौर से लेकर ग्वालियर में रिकॉर्ड पर पहुंचा पारा

बता दें कि मध्य प्रदेश का खजुराहो शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानि छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे गर्म रहा। छतरपुर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में पारा 43 डिग्री पहुंच गया।इंदौर में 42.2 डिग्री, भोपाल में 42.4 डिग्री और जबलपुर में तापमान 42.6 डिग्री रहा। वहीं उज्जैन में पारा 43 डिग्री के करीब पहुचा। तिया-धार में 44.1 डिग्री, नौगांव-श्योपुर में 44 डिग्री, टीकमगढ़-मंडला में 43.8 डिग्री, दमोह में 43.6 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 43.4 डिग्री तापमान रहा।

भोपाल में 8वीं तक के सभी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद

रविवार सुबह भोपाल कलेक्टर ने बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए शहर भर के 8वीं तक के सभी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद रहने का आदेश निकाल दिया। हालांकि यहां कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। वहीं इंदौर जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों और 8वीं तक के सभी स्कूलों में 27 से 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।