India-US Trade: भारत से टैरिफ हटाने जा रहे हैं ट्रंप? जानिए किसने दिए संकेत
India-US Trade Update: टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका के रिश्तों पर जमी बर्फ पिघल सकती है। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ट्रंप सरकार भारत पर लगाए 50% टैरिफ में से 25% कम कर सकती है। एक इंटरव्यू में उन्होंने टैरिफ घटाने के संकेत दिए।

भारत से टैरिफ क्यों घटा सकती है ट्रंप सरकार?
स्कॉट बेसेंट ने इंटरव्यू में कहा, 'भारत ने हाल के महीनों में रूस से कच्चा तेल खरीदना काफी कम किया है, जिससे अमेरिका अब टैरिफ में राहत देने पर विचार कर सकता है।' पिछले साल अगस्त में यूएस ने भारत पर दो बार टैरिफ लगाया था। 1 अगस्त को व्यापार घाटे को लेकर 25% और 27 अगस्त को रूस से तेल खरीदने के चलते 25% टैरिफ फिर से लगाया। बेसेंट ने कहा कि पहली बार लगाए गए टैरिफ 25% का असर दिखा और भारत की रूसी तेल खरीद में बड़ी कमी आई। उन्होंने कहा कि टैरिफ अभी भी लगा हुआ है, लेकिन अब इसे हटाने की संभावना दिख रही है।
यूरोप और ट्रेड डील पर टिप्पणी
बेसेंट ने कहा कि यूरोपीय देश भारत पर टैरिफ नहीं लगा रहे हैं, क्योंकि वे भारत के साथ मिलकर बड़ा ट्रेड डील करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोप भी भारत से रिफाइंड तेल खरीदकर रूस की मदद कर रहा है। इससे पहले दावोस में भी बेसेंट ने दावा किया था कि ट्रंप के टैरिफ लगाने के बाद भारत ने रूस से तेल खरीदना काफी कम कर दिया है, जो लगभग बंद होने की कगार पर है।
अमेरिका किन देशों पर 500% टैरिफ लगाएगा?
स्कॉट बेसेंट ने 500% टैरिफ प्रस्ताव पर भी बात की और कहा कि इतना भारी टैरिफ रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सीनेटर ग्राहम ने सीनेट में इस प्रस्ताव को रखा भी है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप को अभी इसकी जरूरत नहीं है। ट्रंप के पास IEEPA कानून के तहत अधिकार है कि वे नेशनल इमरजेंसी का हवाला देकर किसी भी देश पर आर्थिक प्रतिबंध या बड़ा टैरिफ लगा सकते हैं।
क्या भारत ने रूस से तेल खरीदना कम किया है?
भारत ने अमेरिका के उस दबाव को अनुचित बताया है, जिसमें रूस से तेल खरीदने को लेकर टैरिफ लगाया गया है। भारत का कहना है कि वह अपनी ऊर्जा नीतियों को देश हित के अनुसार तय करता है। बेसेंट भले ही रूस से तेल खरीदने में कमी आने की बात कह रहे हैं, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, प्राइवेट कंपनियों ने तेल आयात कम किया है, लेकिन भारत सरकार का कहना है कि रूस से तेल खरीदना जारी है।
रूस से कितना तेल खरीदता है भारत
रूस से तेल खरीदने के मामले में भारत का दुनिया में तीसरा नंबर है। पहले दो नंबर पर चीन और तुर्की हैं। दिसंबर 2025 में भारत ने करीब 2.3 बिलियन यूरो (23,000 करोड़ रुपए) का तेल खरीदा था, जो नवंबर में 3.3 बिलियन यूरो (34,700 करोड़ रुपए) थी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

