दुबई से मुंबई जा रही IndiGo फ्लाइट के कार्गो होल्ड में धुआं मिलने पर राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी 194 यात्री सुरक्षित हैं।
Rajkot Airport Emergency: दुबई से मुंबई आ रही IndiGo की एक फ्लाइट की सोमवार 27 जुलाई को गुजरात के राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई देने के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
कार्गो होल्ड में धुआं मिलने के बाद हाई अलर्ट
इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया। रनवे पर सभी इमरजेंसी सेफ्टी प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। राजकोट फायर डिपार्टमेंट की कई दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर रनवे पर तैनात किए गए, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सभी 194 यात्री सुरक्षित
राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोरा ने बताया कि दुबई से मुंबई जा रही IndiGo फ्लाइट IGO1452 को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं मिलने के बाद राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उन्होंने बताया कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और उसमें सवार सभी 194 यात्री सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, यह Airbus A321 विमान था और धुआं कार्गो होल्ड एरिया में देखा गया था। एहतियात के तौर पर राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पूर्ण इमरजेंसी घोषित कर दी गई। यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित एक विशेष टीम एयरपोर्ट पहुंची। इसके अलावा एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को भी पूरी तरह तैयार रखा गया।
चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट
इस बीच, खराब मौसम के कारण चाइना सदर्न एयरलाइंस की एक फ्लाइट को भी अपना रूट बदलना पड़ा। काठमांडू में मौसम खराब होने की वजह से फ्लाइट CZ3067 (Airbus A320neo) को डायवर्ट करके लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट भेजा गया। लखनऊ एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, यह विमान चीन के ग्वांगझू से उड़ान भरकर नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रहा था। खराब मौसम के कारण इसे निर्धारित समय पर काठमांडू में उतारना संभव नहीं था। विमान रविवार रात 11:18 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इस विमान में 159 यात्री सवार थे।


