Jabalpur Dussehra Clash: मध्य प्रदेश के जबलपुर में दशहरा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इस चाकूबाजी का बीच-बचाव करने आए एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। वहीं जिले के दूसरे इलाके में एक हादसा हो गया, जिसमे 2 लोगों की मौत भी हो गई।

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार तड़के दशहरा मूर्ति विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ। दो गुटों के बीच हुई इस झड़प में एक युवक को चाकू मार दिया गया। वहीं, मामले को शांत कराने पहुंचे एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) भी घायल हो गए।पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक आदतन अपराधी है।

सुबह 5 बजे हुई चाकूबाजी

पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना गढ़ा थाना क्षेत्र के त्रिपुरी चौक के पास सुबह करीब 5 बजे की है। उस वक्त मूर्ति विसर्जन का जुलूस अपने आखिरी पड़ाव पर था।गढ़ा के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) आशीष जैन ने एएनआई को बताया कि दो गुटों में मारपीट शुरू होने के बाद सब-इंस्पेक्टर संजय गुर्जर ने तुरंत पुलिस फोर्स को इसकी सूचना दी थी।सीएसपी आशीष जैन ने कहा, जब हम मौके पर पहुंचे, तो देखा कि अनुराग मांडे नाम के एक युवक को चाकू लगा है। उसे तुरंत थाने लाया गया और फिर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।"

इंस्पेक्टर के चेहरे पर भी आईं चोटें

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि भीड़ को काबू करने और पीड़ित को बचाने के चक्कर में सब-इंस्पेक्टर गुर्जर के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।सीएसपी ने बताया, "पीड़ित को बचाते समय सब-इंस्पेक्टर संजय गुर्जर के चेहरे पर खरोंच और चोट आई है। वहां मौजूद लोगों ने हमलावरों को घेर लिया था, जिससे हल्की हाथापाई भी हुई। हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं। अगर सब-इंस्पेक्टर चाहेंगे, तो उनकी तरफ से भी एक अलग एफआईआर दर्ज की जाएगी।"

कौन है इस घटना का मुख्य आरोपी?

इस मामले के मुख्य आरोपी की पहचान आकाश कोस्टा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे और उसके एक साथी को पकड़ लिया है।अधिकारी ने बताया, “पूछताछ में पता चला है कि यह चाकूबाजी पुरानी रंजिश का नतीजा है, जो पिछले कुछ महीनों से चल रही थी। आकाश कोस्टा एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गढ़ा और संजीवनी नगर थानों में आर्म्स एक्ट और मारपीट के करीब चार मामले पहले से दर्ज हैं।”

करंट लगने से दो लोगों की मौत

वहीं जबलपुर जिले के मझोली थाने क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा होग या। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 2 युवकों की मौत तो कई बुरी तरह से झुलस गए। बता दें कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग प्रतिमा को लेकर जा रहे थे, तभी तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया।