Neeraj Sharma Murder Mystery : जयपुर में अपनी मां नीरज शर्मा की सुपारी किलर से हत्या कराने वाली बेटी की पूरी कहानी चौंकाने वाली है। मामा ने खुलासा किया है कि दो साल पहले उसने अपने पिता को मार डाला था। यह दोनों मर्डर उसने चचेरे भाई के इश्क में किए।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के नीरज शर्मा हत्याकांड में जो चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, वो हर किसी को हैरान कर रहे हैं। लेकिन अब इस मर्डर मिस्ट्री में जो सच सामने आया है उसने तो पुलिस का माथा हिला दिया है। अभी तक सभी को यही लग रहा था कि आरोपी बेटी आयुषी शर्मा ने संपत्ति को लेकर मां की हत्या की थी। लेकिन मृतका के भाई यानी आरोपी युवती के मामा ने बताया है कि उनकी भांजी ने अपने चचेरे भाई के प्यार में पड़कर इस वारदात को अंजाम दिया है। जो इस मर्डर का असली मास्टरमाइंड है।
आशिक के वश में होकर बनी कातिल
जयपुर पुलिस ने जब परिवार से इस हत्याकांड के बारे में जांच पड़ताल की तो कई अहम सुराग हाथ लगे। इसी क्रम में मृतका के भाई राकेश शर्मा ने कहा-आयुषी ने जरूर मां की हत्या की है, लेकिन उसने यह सब अपने चचेरे भाई यानि रवि उर्फ बलराम के कहने पर किया है। जिसने प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश के तहत आयुषी को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। मामा ने बताया कि रवि ने पूरी तरह से आयुषी को अपने वश में कर लिया था। वो जैसा जैसा कहता गया वह वैसा वैसा करती गई।
दो साल पहले पिता को भी बेटी ने मारा था?
मामा राकेश ने यह भी पुलिस को बताया कि दो साल पहले उसके जीजा यानी बहन नीरज शर्मा के पति विजय शर्मा की डेथ हुई थी, वह सामान्य नहीं थी। यह भी साजिश के तहत किया गया मर्डर था। रवि ने ही आयुषी के जरिए बीमार पिता की हत्या करवाई। इसके बाद घर से चुराए गए गहनों और कैश मां की हत्या के लिए बदमाशों को सुपारी दी थी। अब मां के बाद पिता की हत्या के खुलासे से इस डबल मर्डर मिस्ट्री में नया मोड़ आया है। पुलिस ने रवि को लेकर भी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
क्या है नीरज शर्मा हत्याकांड
बता दें कि यह मामला 3 जुलाई शाम करीब 4:45 बजे का है। जब प्रताप नगर थाना इलाके के रविन्द्र नगर में रहने वाली नीरज शर्मा (45) बेटे को कोचिंग छोड़कर वापस अपने लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि यह मर्डर किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी बेटी आयुषी ने 7 लाख रुपए की सुपारी देकर मां का स्कॉर्पियो से कुचलवाया था।


