Ajmer Highway Accident : जयपुर के अजमेर हाईवे पर एक ऐसा भयानक हादसा हुआ कि एक पूरा परिवार इसमें खत्म हो गया। तीन बच्चों के बाद अब पिता की भी मौत हो गई। वहीं पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही है। जिसने भी यह मंजर देखा उसका कलेजा कांप गया।
जयपुर (राजस्थान): जयपुर के अजमेर हाईवे पर हुए हादसे में मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है। मंगलवार को गवर्नमेंट जयपुरिया हॉस्पिटल में इलाज के दौरान घायल पिता चंद्रप्रकाश ने भी दम तोड़ दिया। हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ. जीवराज सिंह ने चंद्रप्रकाश की मौत की पुष्टि की है।

मंगल को हुआ अमंगल
- यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह हुआ था। चंद्रप्रकाश अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ अजमेर रोड हाईवे पर 200 फीट बाईपास के पास पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इंतजार कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़े पूरे परिवार को कुचलता हुआ निकल गया।
- इस हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। ट्रेलर ने परिवार को कुचलने के बाद सड़क किनारे लगी रेलिंग को भी तोड़ दिया। बच्चों की मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- यह घटना सुबह करीब 8:45 से 9 बजे के बीच दिल्ली-अजमेर हाईवे पर एक होटल के सामने हुई।
- ट्रैफिक पुलिस ऑफिसर पुनीराम मीणा ने बताया, "ट्रेलर हाईवे की तरफ से आ रहा था और बस स्टॉप पर खड़े बच्चों को उसने टक्कर मार दी। तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।"
बस के इंतजार में खड़े बच्चों को ट्रेलर को रौंदता हुए निकला
- सोडाला, जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के ACP सुरेंद्र सिंह ने बताया, "सड़क किनारे एक परिवार के कुछ लोग बैठे थे। एक ट्रेलर आया और उन्हें रौंदता हुआ चला गया। तीन बच्चों के शव बरामद किए गए।"
- जयपुर ट्रैफिक पुलिस के ACP अमीन हसन ने भी जानकारी दी कि हादसा उस वक्त हुआ जब पीड़ित परिवार गाड़ी का इंतजार कर रहा था। उन्होंने कहा, "यह घटना सुबह 9 बजे के आसपास हुई। एक परिवार, जिसमें पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे थे, गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच इस ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन बच्चों की मौत हो गई है, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
- तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भेजा गया है।


