Jhansi Viral Video: झांसी में चलती कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने अंश प्रजापति और शिवम अहिरवार को गिरफ्तार किया। दोनों ने कान पकड़कर माफी मांगी।
सोशल मीडिया पर वायरल होने और कुछ लाइक्स पाने का शौक दो युवकों को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के झांसी में चलती कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद दोनों हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। उन्होंने पुलिस को भरोसा दिया कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेंगे।
वायरल वीडियो ने खींचा पुलिस का ध्यान
यह मामला 17 अक्टूबर को सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें दो युवक चलती कार से बाहर लटककर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए। इस तरह की लापरवाही न सिर्फ उनकी जान के लिए जोखिम भरी थी, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती थी। वीडियो सामने आने के बाद झांसी पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और स्टंट करने वालों की पहचान के लिए जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने तय कर दी तारीख, 26 नवंबर को आएगा सपा का 2027 वाला ‘PDA प्लान’
अंश प्रजापति और शिवम अहिरवार गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंश प्रजापति और शिवम अहिरवार नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। स्टंट में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई। झांसी के थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों को अदालत में पेश किया गया।
कान पकड़कर मांगी माफी, दोबारा गलती न करने का वादा
पुलिस कार्रवाई के बाद सामने आए फुटेज में दोनों युवक हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने और कैमरे पर भरोसा दिया कि वे भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करेंगे। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करना भारी पड़ सकता है। चलती गाड़ी से लटकना या जोखिम भरे करतब दिखाना दुर्घटना की वजह बन सकता है। ऐसे वीडियो मनोरंजन के बजाय सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रेन से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर! 27 अक्टूबर से बदलने जा रहा है बड़ा नियम






