Jharkhand Tiranga Yatra: इस घटना का एक वीडियो सामने आया है. इसमें एक सुरक्षा अधिकारी छात्र नेता महतो का रास्ता रोकते दिख रहे हैं, जबकि महतो जबरदस्ती बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं.
Jharkhand Student Protest: रांची: झारखंड में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा में शामिल होने को लेकर विवाद सामने आया। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस ने अस्पताल से बाहर निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और उनके समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। महतो ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके सीने में चोट लगी है।
अस्पताल से निकलने की कोशिश कर रहे थे महतो
देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं और फिलहाल रांची के सदर अस्पताल में भर्ती हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए उन्होंने अस्पताल से बाहर जाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी महतो को आगे बढ़ने से रोकता दिखाई दे रहा है। वहीं, JLKM के कुछ कार्यकर्ता पुलिस से उन्हें तिरंगा यात्रा में जाने देने की अपील करते नजर आए।
पुलिस से धक्का-मुक्की, चोट लगने का आरोप
महतो के समर्थकों और पुलिस के बीच बहस के दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। महतो का आरोप है कि उन्हें रोकने की कोशिश के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिससे उनके सीने में चोट लगी।
इससे पहले महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किए जाने का दावा किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश में तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की आजादी है, तो उन्हें ऐसा करने से क्यों रोका जा रहा है।
JSSC-JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन
देवेंद्र नाथ महतो और उनके समर्थक झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी JPSC और JSSC की परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले विधानसभा घेराव के दौरान भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इसके बाद महतो को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीएम हेमंत सोरेन ने दिया पारदर्शी परीक्षा का भरोसा
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं और छात्रों की समस्याओं पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य में JPSC और JSSC जैसी संस्थाओं द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था में बदलाव किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का विश्वास सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 'छात्रों की बात-छात्रों के साथ' पहल का भी जिक्र किया और कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था तैयार करने में छात्रों की भागीदारी जरूरी है।
