JNU Harassment Case : दिल्ली के जेएनयू कैंपस में सोमवार देर रात एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। ताप्ती हॉस्टल के पास कार सवार दो बाहरी युवकों ने उसे शर्मनाक ऑफर देते हुए अश्लील हरकतें की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) कैंपस में सोमवार देर रात एक छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना हुई है। यह मामला ताप्ती हॉस्टल के पास का है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा साबरमती ढाबे से अपने हॉस्टल लौट रही थी। तभी ताप्ती हॉस्टल के पास एक कार में बैठे दो युवकों ने उसे रोका। उन्होंने छात्रा को कार में बैठने और साथ में शराब पीने का ऑफर दिया। छात्रा का आरोप है कि इस दौरान दोनों ने उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ भी की।

दिल्ली पुलिस ने तत्काल लिया एक्शन

बता दें कि इस शर्मनाक घटना के बाद छात्रा ने तुरंत कैंपस के सिक्योरिटी गार्ड को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही लोकल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवकों को वहां से हटाया और एहतियातन (preventive action) हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक छात्रा की तरफ से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल दोनों युवकों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया है।

JNU कैंपस की सुरक्षा पर बड़े सवाल?

  • इस घटना ने जेएनयू कैंपस की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाहरी थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर वे कैंपस के अंदर कैसे घुसे? उन्हें अंदर आने की इजाजत किसने दी?
  • चूंकि यूनिवर्सिटी कैंपस की सुरक्षा और एंट्री जेएनयू प्रशासन के हाथ में होती है, इसलिए इन बाहरी लोगों की एंट्री की जांच भी जरूरी हो गई है। प्रशासन को यह पता लगाना होगा कि ये दोनों अंदर कैसे आए और क्या किसी ने उनकी मदद की थी। पूरी एंट्री ट्रेल की जांच से ही साफ हो पाएगा कि बाहरी लोग कैंपस तक कैसे पहुंचे।

कर्नाटक में 22 साल की महिला के साथ गैंगरेप

  • कर्नाटक में एक अलग घटना सामने आई है। गुरुवार को पुलिस ने बताया कि एक 22 साल की महिला के साथ बार-बार रेप, डराने-धमकाने और बंधक बनाने के आरोप में 6 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
  • इनमें रेलवे पुलिस के दो जवान भी शामिल हैं। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने पीड़िता को रेस्क्यू किया, जिसके बाद उसने यादगीर महिला पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी।
  • पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है