FSSAI मार्क के साथ थैलियों में बिक रहा था 'ज़हर'! कर्नाटक सरकार के एक सख्त फैसले से Amazon, Instamart और BigBasket में मचा हड़कंप। जानिए ई-कॉमर्स कंपनियों के गोदामों तक कैसे पहुंचा धतूरा और इसके पीछे का क्या है खौफनाक सच?

Amazon Instamart BigBasket Dhatura: डिजिटल दौर में क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की मनमानी पर लगाम कसने के लिए कर्नाटक सरकार ने एक ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाया है। कर्नाटक खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों-Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket-के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं। इन प्लेटफॉर्म्स पर इंसानी सेहत के लिए बेहद खतरनाक और ज़हरीले 'धतूरे' के फल व बीज बेचने और उन्हें खाद्य पदार्थ के रूप में लिस्ट करने का बेहद गंभीर आरोप लगा है।

ऑनलाइन लिस्टिंग ने खींचा रेगुलेटर का ध्यान

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग को शिकायतें मिली थीं कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के फल और बीज उपलब्ध हैं। इसके बाद विभाग ने इन उत्पादों की बिक्री और ऑनलाइन लिस्टिंग की जांच के निर्देश दिए। जांच में अधिकारियों को अलग-अलग ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के उत्पाद बिक्री के लिए दिखाई दिए। खास बात यह थी कि कुछ पैकेटों पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज थे। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे जहरीले उत्पादों को खाद्य पदार्थ के रूप में स्टोर करना, बेचना या वितरित करना स्वीकार्य नहीं है।

FSSAI मार्क के साथ बिक रहा था 'ज़हर', गोदामों से हुई सप्लाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई गहन जांच में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने पाया कि कई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के फल और बीजों के पैकेटों को इंसानी खाने की श्रेणी में दिखाया जा रहा था। हद तो तब हो गई जब इनमें से कई ज़हरीले पैकेटों पर FSSAI लाइसेंस और आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नंबर तक छपे हुए थे। ये उत्पाद न सिर्फ कंपनियों के बड़े-बड़े गोदामों में धड़ल्ले से जमा किए गए थे, बल्कि ऐप के ज़रिए सीधे उपभोक्ताओं के घरों तक डिलीवरी के लिए पेश भी किए जा रहे थे।

किस कंपनी ने क्या जवाब दिया?

मामला सामने आने के बाद अथॉरिटी ने तीनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए समन किया था। हालांकि, सुनवाई के दौरान कंपनियों का रवैया बेहद निराशाजनक रहा:

  • Amazon: कंपनी की तरफ से अथॉरिटी के कारण बताओ नोटिस पर कोई लिखित या आधिकारिक जवाब दाखिल नहीं किया गया।
  • Swiggy Instamart: प्लेटफॉर्म ने कार्रवाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज़ और सुधार की रिपोर्ट जमा करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की।
  • BigBasket: कंपनी ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन बिक्री रोक दी है और वादा किया कि भविष्य में पैकेट पर "इंसानों के खाने के लिए नहीं" (Not for human consumption) का स्पष्ट लेबल लगाया जाएगा।

रेगुलेटर ने इन तमाम दलीलों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में ज़हरीले उत्पाद को खाद्य पदार्थ बताकर बेचना या स्टोर करना कानूनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सप्लायर्स और सेलर्स पर भी गिरी गाज: तुरंत लिस्टिंग हटाने के आदेश

इस पूरे फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद विभाग ने कड़ा फैसला लेते हुए Amazon, Instamart और BigBasket के लाइसेंस अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही, इन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को धतूरा सप्लाई करने वाले सभी थर्ड-पार्टी सेलर्स, वेंडर्स और सप्लायर्स के लाइसेंस भी तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। अथॉरिटी ने सभी खाद्य कारोबार ऑपरेटरों (FBOs) को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि धतूरे से संबंधित सभी लाइव लिस्टिंग, विज्ञापनों और प्रमोशनल पोस्ट को तुरंत हटा लिया जाए। अब देखना यह होगा कि प्लेटफॉर्म्स के विस्तृत जवाब और अनुपालन रिपोर्ट के बाद ही लाइसेंस बहाली पर विचार किया जाएगा।