कर्नाटक के बेलगावी में दहेज के लिए 7 महीने की गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई। पति और ससुर पर रस्सी से गला घोंटकर मारने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी में दहेज का बचा हुआ पैसा न देने पर एक गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई। पति और ससुर पर हत्या का आरोप है। 30 साल की दीपा मगदुम्म सात महीने की प्रेग्नेंट थीं। पुलिस ने इस मामले में पति अभिषेक और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है।

यह दिल दहला देने वाली घटना चिक्कोडी के अलखन्नूर गांव की है। आरोप है कि रस्सी से गला घोंटकर दीपा की हत्या की गई। हत्या के बाद, अभिषेक ने इसे एक सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की। लेकिन, जब रिश्तेदारों ने दीपा के गले पर निशान देखे तो उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी।

दीपा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला था। पुलिस जब मौके पर पहुंची और रिश्तेदारों के सामने जांच की, तो दीपा के हाथों पर ब्लेड से काटने जैसे कई घाव भी मिले। दीपा के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि अभिषेक और उसका परिवार दहेज के बचे हुए पैसे और सोने के लिए दीपा को लगातार परेशान करते थे।

पुलिस ने बताया कि हत्या के वक्त दीपा 7 महीने की गर्भवती थी। इस बात का भी ध्यान रखे बिना अभिषेक और उसके पिता ने दीपा के साथ क्रूरता की और उसे मार डाला। दीपा के रिश्तेदारों की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला हारुगेरी पुलिस स्टेशन के तहत आता है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की पूरी जांच की जाएगी।