लोहागढ़ मर्डर केस में सिक्योरिटी गार्ड ने घटना के बाद की पूरी कहानी बताई। सिया गोयल के व्यवहार और पुलिस को दी गई पहली सूचना का खुलासा।
Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के चर्चित लोहागढ़ मर्डर केस में अब उस सिक्योरिटी गार्ड का बयान सामने आया है, जो 18 जून को केतन अग्रवाल के किले से गिरने के तुरंत बाद सबसे पहले मौके पर पहुंचा था। गार्ड ने बताया कि उसने चीखें सुनते ही घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई, सिया गोयल से बात की और बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। बता दें कि पुलिस इस मामले में केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित करीबी चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।

सिक्योरिटी गार्ड ने बताई घटना के बाद की पूरी कहानी
लोहागढ़ किले पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड धीरज जाधव के मुताबिक, घटना वाले दिन मुझे अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। चीखें सुनकर मैं दौड़ते हुए वहां पहुंचा। मैंने सिया गोयल से पूछा कि क्या हुआ है। उसने कहा कि यहां से कोई गिर गया है। इसके बाद मैंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जाधव के मुताबिक, उस समय सिया गोयल लगातार मदद के लिए पुकार रही थी।
"मदद करो, मदद करो" चिल्ला रही थी सिया
गार्ड ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब सिया गोयल बार-बार "मदद करो, मदद करो" कहकर चिल्ला रही थी। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने ज्यादा सवाल पूछने के बजाय तत्काल पुलिस और अन्य अधिकारियों को सूचना देना जरूरी समझा। उन्होंने केवल इतना पूछा था कि क्या हुआ है, जिस पर सिया ने जवाब दिया कि कोई किले से नीचे गिर गया है।
किले में रहती है 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था
धीरज जाधव ने बताया कि लोहागढ़ किले पर चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि किले के पास ही पुलिस स्टेशन मौजूद है। हालांकि, उन्होंने माना कि कभी-कभी इलाके में नेटवर्क की समस्या होने के कारण कम्युनिकेशन में दिक्कत आ सकती है, लेकिन उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क कर लिया था।
दूर से सुनाई दी थी चीखों की आवाज
गार्ड के अनुसार, वह अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी उन्हें दूर से लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि वह तुरंत आवाज की दिशा में दौड़े और वहां मौजूद पर्यटकों से घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी बातचीत सिया गोयल से हुई। उन्होंने कहा कि उस समय सिया ने उन्हें घटना के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी थी।
हत्या और साजिश के आरोप में गिरफ्तार हैं सिया और चेतन
पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी 22 वर्षीय चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची और उन्हें लोहागढ़ किले से धक्का देकर मार डाला। शुरुआती दौर में इस घटना को ट्रेकिंग के दौरान हुए हादसे के रूप में पेश किया गया था।
कॉल रिकॉर्ड से सामने आए दोनों के संपर्क के सबूत
पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पिछले करीब छह महीनों से लगातार संपर्क में थे। दोनों के बीच 2,004 फोन कॉल दर्ज हुए। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने इस दौरान करीब 238 घंटे तक बातचीत की। पुलिस का कहना है कि कई कॉल दो से तीन घंटे या उससे भी अधिक समय तक चली थीं।
घटना वाले दिन कैफे में हुई थी मुलाकात
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के एक कैफे में मिले थे। पुलिस का दावा है कि इस मुलाकात के दौरान दोनों ने कथित योजना पर चर्चा की थी। जांचकर्ताओं का आरोप है कि दोनों ने किले पर ऐसी जगह चुनने को लेकर बात की थी, जहां से केतन अग्रवाल को नीचे धक्का दिया जा सके। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर की जा रही है और मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है।


