Siya Goyal Parents Statement: केतन अग्रवाल मर्डर केस में पहली बार सिया गोयल के माता-पिता ने चुप्पी तोड़ी। बेटी पर लगे आरोपों, कड़ी सजा की मांग और पूरे मामले पर जानें उनका चौंकाने वाला बयान।
Siya Goyal Parents Shocking Statement: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस केस में गिरफ्तार सिया गोयल के माता-पिता पहली बार सामने आए हैं। उन्होंने बेटी का बचाव करने के बजाय मीडिया के सामने साफ कहा कि अगर जांच में वह दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। परिवार का कहना है कि केतन अग्रवाल उनके लिए सिर्फ होने वाले दामाद नहीं, बल्कि बेटे जैसे थे और उनकी मौत ने दोनों परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है। जानिए पूरी डिटेल।

'केतन हमारे बेटे जैसे थे, यह सदमा शब्दों से बड़ा'
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन से उनका भावनात्मक रिश्ता बन चुका था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। उनके मुताबिक, उदयपुर में शादी की योजना बनाई गई थी और सभी भविष्य को लेकर उत्साहित थे। उन्होंने कहा कि कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं है या शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर केतन के परिवार की ओर से किसी तरह की परेशानी की जानकारी दी जाती तो दोनों परिवार बैठकर बातचीत कर सकते थे।
'दोषी कोई भी हो, उसे कड़ी सजा मिले'
सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने साफ शब्दों में कहा कि अगर इस हत्या में उनकी बेटी की भूमिका साबित होती है तो उसे भी किसी तरह की राहत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक सबसे सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सिया की मां ने भी यही रुख अपनाया। उनका कहना था कि केतन बहुत अच्छे स्वभाव के युवक थे और उनकी मौत से दोनों परिवारों की दुनिया उजड़ गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, चाहे वह उनकी बेटी ही क्यों न हो, उसे उसके अपराध के अनुरूप सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने ने तो यहां तक कह दिया कि सिया अगर दोषा है तो उसे भी उसी फोर्ट से नीचे फेंक देना चाहिए।
मां बोलीं- रिश्ते में कभी नहीं दिखी कोई बड़ी दरार
सिया की मां के मुताबिक, सगाई के बाद दोनों परिवारों के रिश्ते सामान्य और अच्छे थे। उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि सिया और केतन के बीच कोई गंभीर विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि यदि किसी तरह की समस्या होती तो परिवार मिलकर उसका समाधान निकालने की कोशिश करता। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद ही कई तरह के आरोप सामने आ रहे हैं, जबकि इससे पहले उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं थी।
पुलिस का दावा, पहले से रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस की जांच में दावा किया गया है कि केतन अग्रवाल की मौत महज हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर पूरी योजना बनाई थी। डिजिटल सबूत, मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का कहना है कि घटना पहले से तय योजना का हिस्सा थी। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।


