दिल्ली के किसान घाट पर किसान महापंचायत को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, कई किसान रोके गए और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई।
Kisan Mahapanchayat Delhi: 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संसद मार्च के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के एक दिन बाद अब दिल्ली पुलिस के सामने एक और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मंगलवार 21 जुलाई को किसानों की बड़ी संख्या दिल्ली पहुंचने की तैयारी में है। राजधानी में प्रस्तावित किसान महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
किसान घाट पर होगी किसान महापंचायत
मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर 'देश बचाओ मोर्चा' के बैनर तले किसान महापंचायत आयोजित की जा रही है। यह महापंचायत प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बुलाई गई है। किसान नेताओं के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसान इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल तैनात
समाचार एजेंसी ANI द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र दिखाई दिए। पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले इस बॉर्डर पर 1,000 से अधिक किसान मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, कई जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं और घग्गर नदी पर बने पुल पर सीमेंट के ब्लॉक रखकर आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
सरवन सिंह पंधेर ने हरियाणा सरकार पर लगाए आरोप
पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने मंगलवार सुबह हरियाणा सरकार की कार्रवाई की आलोचना की। उनका आरोप है कि किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। फतेहगढ़ साहिब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंधेर ने कहा कि किसान केवल महापंचायत में भाग लेने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का असली चेहरा सामने आ गया है। पंधेर ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर पंजाब आकर लोगों से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।
गुरनाम सिंह चरूनी हिरासत में, किसानों ने किया विरोध
इस बीच, भारतीय किसान यूनियन (चरूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चरूनी को सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। संगठन के प्रवक्ता प्रिंस वराइच के अनुसार, चरूनी की गाड़ी को पेहोवा के पास नेशनल हाईवे-152D पर पुलिस ने रोका, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में पुलिस अधिकारी उन्हें अपने साथ ले गए।
हिसार-चंडीगढ़ हाइवे पर इकट्ठा हुए किसान
चरूनी को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही किसान थाना गांव के पास नेशनल हाइवे के हिसार-चंडीगढ़ मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
किसान महापंचायत को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 21 जुलाई के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट DTC डिपो और IP फ्लाईओवर जैसे प्रमुख मार्गों से बचें, क्योंकि इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी रोक लगाई जा सकती है। इसके अलावा वाहन चालकों से सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट DTC डिपो रोड, राजघाट DTC बाईपास रोड और आसपास की सड़कों का उपयोग करने से भी बचने की अपील की गई है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।


