Kushinagar Accident: यूपी के कुशीनगर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिलक समारोह से लौट रही एक ओमनी वैन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

कुशीनगर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक की जोरदार टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुआडीह इलाके के पास हुआ। वैन में कुल आठ लोग सवार थे। ये सभी लोग हाटा में एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद वापस कप्तानगंज लौट रहे थे, तभी यह जानलेवा एक्सीडेंट हो गया।

CM योगी ने हादसे पर जताया दुख

  • यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अधिकारी मृतकों के परिवारों से संपर्क करें और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराएं।
  • कुशीनगर के एडिशनल एसपी (ASP) सिद्धार्थ वर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक अहिरौली से हाटा की तरफ जा रहा था, तभी उसकी ओमनी वैन से टक्कर हो गई।

''जब काल बनकर आया ट्रक वैन से टकराया'

एएसपी ने कहा, “कल रात अहिरौली से हाटा जा रहे एक ट्रक और आठ लोगों से भरी ओमनी वैन के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार छह लोगों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) भेज दिया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। हादसों की जांच करने वाली जिला स्तरीय कमेटी मौके पर पहुंच रही है ताकि घटना की बारीकी से जांच की जा सके।”फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।