LDA की वरुण विहार और नैमिष नगर प्लॉट योजना के लिए 24 घंटे में 540 लोगों ने रजिस्ट्रेशन पूरा किया। जानें प्लॉट की कीमत, साइज, आवेदन की आखिरी तारीख और किस योजना को मिला सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स।
लखनऊ में अपना प्लॉट खरीदकर घर बनाने का सपना देखने वालों के लिए LDA की दो बड़ी आवासीय योजनाओं ने शुरुआत में ही जबरदस्त दिलचस्पी पैदा कर दी है। वरुण विहार और नैमिष नगर के लिए पोर्टल खुलते ही आवेदकों की भीड़ उमड़ी और महज 24 घंटे में 540 लोगों ने रजिस्ट्रेशन धनराशि जमा कर दी। दोनों योजनाओं में शुरुआती तौर पर 12.19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई है।
वरुण विहार के लिए सबसे ज्यादा आवेदन
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक शुक्रवार शाम तक 3,308 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण पुस्तिका खरीदी। इनमें आगरा एक्सप्रेस-वे के पास विकसित हो रही वरुण विहार योजना सबसे आगे रही। वरुण विहार में पहले दिन 367 आवेदकों ने रजिस्ट्रेशन कराया और LDA को 8.39 करोड़ रुपये से ज्यादा की पंजीकरण राशि मिली। वहीं सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर में 173 लोगों ने आवेदन किया और करीब 3.80 करोड़ रुपये जमा हुए।
यह भी पढ़ें: नारंगी जैकेट, भजन और PM मोदी... दीनदयाल जयंती पर दिल्ली में दिखा अलग अंदाज
24 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
दोनों योजनाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन विंडो 24 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक खुली रहेगी। LDA ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल उसके आधिकारिक पोर्टल registration.ldalucknow.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार आवंटन पारदर्शी लॉटरी व्यवस्था के जरिए होगा। एकमुश्त यानी फुल पेमेंट का विकल्प चुनने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दिए जाने की बात भी कही गई है।
नैमिष नगर में 3,800, वरुण विहार में 2,800 रुपये रेट
सीतापुर रोड पर करीब 4,100 एकड़ में विकसित हो रही नैमिष नगर योजना के पहले चरण में 1,673 भूखंड शामिल हैं। यहां 72 से 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट ₹3,800 प्रति वर्गफीट की दर से उपलब्ध हैं। वहीं आगरा एक्सप्रेस-वे के पास 6,580 एकड़ में विकसित हो रही वरुण विहार योजना में 2,847 भूखंडों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। यहां 112.5 से 450 वर्गमीटर के प्लॉट ₹2,800 प्रति वर्गफीट की दर से प्रस्तावित हैं। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि दोनों योजनाओं में लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: शी जिनपिंग की पत्नी के लिए Melania Trump का खास कार्यक्रम, बच्चों के गीत पर भावुक हुईं Peng Liyuan
