यूसुफ पठान की आखिर किस बात पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा भड़क उठी हैं। उन्होंने X पर एक पोस्ट में पूर्व क्रिकेटर को जमकर लताड़ लगाते हुए तंज कसा। क्या इस विवाद के बाद टीएमसी छोड़ सकते हैं यूसुफ पठान? महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान को आखिर क्या चेतावनी दी?

TMC Crisis: तृणमूल कांग्रेस को केवल लोकसभा में ही नहीं बल्कि राज्यसभा में भी झटका लग रहा है। राज्यसभा में पार्टी के 13 सांसद थे, लेकिन वरिष्ठ नेता सुखेन्दु शेखर रॉय ने सांसद पद से इस्तीफा देने के साथ-साथ पार्टी भी छोड़ दी है। इसी बीच बंगाल की लोकप्रिय अभिनेत्री और नेता कोयल मल्लिक के भी पार्टी छोड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यूसुफ पठान पर भड़कीं महुआ मोइत्रा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी के सांसद यूसुफ पठान और अन्य बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है। महुआ मोइत्रा ने कहा कि क्या यूसुफ पठान दिल्ली इसलिए जा रहे हैं क्योंकि उन्हें अमित शाह ने बुलाया है? उन्होंने कहा कि यूसुफ पठान ने भारत के लिए क्रिकेट खेला है और उनके क्षेत्र की जनता ने उन्हें भारी बहुमत से जिताया है, इसलिए उन्हें हिम्मत दिखानी चाहिए और अपने मतदाताओं के विश्वास का सम्मान करना चाहिए। महुआ ने बागी सांसदों को लेकर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये सभी सांसद 2024 का चुनाव टीएमसी के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे थे। जनता ने उन्हें NDA के लिए नहीं, बल्कि TMC के उम्मीदवार के रूप में चुना था। उन्होंने कहा कि यदि वे भाजपा का समर्थन करना चाहते हैं तो पहले सांसद पद से इस्तीफा दें और फिर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करें।

अभिषेक बनर्जी की जगह काकोली घोष को नेता बनाने की मांग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बागी सांसदों का एक समूह लोकसभा में अभिषेक बनर्जी की जगह काकोली घोष दस्तीदार को टीएमसी संसदीय दल का नेता बनाना चाहता है। सूत्रों का दावा है कि सोमवार सुबह से ही टीएमसी के पांच बागी सांसद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर मौजूद थे। इनमें बर्दमान पूर्व से सांसद शर्मिला सरकार, हावड़ा से प्रसून बनर्जी, कूचबिहार से जगदीश बसुनिया, झारग्राम से कालिपद सोरेन और बांकुरा से अरूप चक्रवर्ती शामिल थे।

शुभेंदु अधिकारी से भी हुई बागी सांसदों की मुलाकात

दोपहर के समय पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी भूपेंद्र यादव के आवास पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा के कुल 14 टीएमसी सांसदों ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे शुभेंदु अधिकारी भूपेंद्र यादव के घर से बाहर निकले। इसके बाद बंगाल की राजनीति में टीएमसी में संभावित बड़ी टूट की चर्चाएं और तेज हो गईं।

सुखेन्दु शेखर रॉय से मिले पांच सांसद

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच टीएमसी छोड़ चुके पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर रॉय से भी पार्टी के पांच सांसदों ने मुलाकात की। दिल्ली में हुई इस मुलाकात में शर्मिला सरकार, प्रसून बनर्जी, जगदीश बसुनिया, कालिपद सोरेन और अरूप चक्रवर्ती शामिल थे। इस बैठक को भी टीएमसी के अंदर बढ़ते असंतोष और संभावित राजनीतिक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल

टीएमसी के भीतर बढ़ती नाराजगी, सांसदों की लगातार बैठकों और वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को नई दिशा दे दी है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि ममता बनर्जी इस संकट से कैसे निपटती हैं और क्या पार्टी अपनी एकजुटता बनाए रख पाती है।