Uttar Pradesh crime: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक 47 साल के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने एक युवक को खुले में पेशाब करने से टोका था. पहले परिवार इसे एक्सीडेंट समझ रहा था, लेकिन CCTV फुटेज ने हत्या का राज खोल दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Murder Over Public Urination: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां खुले में पेशाब करने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने 47 साल के अमित कुमार नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी. यह घटना कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र की है.

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 5 सितंबर की रात को हुई. अमित कुमार ने सड़क पर एक शख्स को पेशाब करने से टोका था. इसी बात पर विवाद बढ़ गया. इसके बाद नशे में धुत कुछ युवकों ने अमित को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने ईंट से अमित के सिर पर कई बार वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए.

इसके बाद परिवार वाले अमित कुमार को अस्पताल ले गए. शुरुआत में परिवार को लगा कि यह कोई सड़क हादसा है. अमित दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे, लेकिन सोमवार शाम को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

अमित कुमार की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जब आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, तो हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई. फुटेज में साफ दिखा कि अमित के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी. इस मामले में काकादेव पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. सेंट्रल डीसीपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए चार स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.