'एमबीए चायवाला' के नाम से मशहूर प्रफुल्ल बिल्लोरे ने अपनी मौत की झूठी खबरों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वो जिंदा हैं और लोगों से ऐसी अफवाहें फैलाना बंद करने की अपील की।
'एमबीए चायवाला' के नाम से मशहूर हुए प्रफुल्ल बिल्लोरे ने अपनी मौत की झूठी खबरें फैलाने वालों को करारा जवाब दिया है। प्रफुल्ल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस तरह की अफवाहें बहुत अपमानजनक और दुख देने वाली हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक गूगल सर्च का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'यह बेहद शर्मनाक, अपमानजनक और दुखद है। प्लीज, झूठी खबरें फैलाना बंद करें। मैं जिंदा हूं।'

स्क्रीनशॉट में दिख रहा है कि गूगल पर 'Prafull Billore death' सर्च करने पर 'फाइनल ट्रिब्यून' नाम की एक वेबसाइट की खबर सामने आती है। खबर में लिखा था, 'प्रफुल्ल बिल्लोरे की मौत की खबरें ऑनलाइन फैल रही हैं, कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं - एमबीए चायवाला के फाउंडर और सीईओ प्रफुल्ल बिल्लोरे के निधन के दावों वाली रिपोर्टें सोशल मीडिया पर चल रही हैं। इससे उनके फॉलोअर्स, ग्राहक और एंटरप्रेन्योर्स के बीच चिंता बढ़ गई है...' इससे पहले, एक्स (ट्विटर) पर भी उनकी मौत को लेकर झूठे ट्वीट वायरल हुए थे। कई लोगों ने तो इन खबरों को सच मानकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दे दी थी।
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
प्रफुल्ल बिल्लोरे के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हिम्मत रखो भाई, यह नई दुनिया है। यहां नफरत अब आम बात हो गई है।' एक और यूजर ने कमेंट किया, 'यह कोई मजाक नहीं है', जिस पर प्रफुल्ल ने जवाब दिया, 'सही है भाई।'
कौन हैं प्रफुल्ल बिल्लोरे?
मध्य प्रदेश में जन्मे प्रफुल्ल बिल्लोरे एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे, जब उन्हें लगा कि यह रास्ता उनके लिए नहीं है। इसके बाद उन्होंने एमबीए की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और सिर्फ 8,000 रुपये से अपना चाय का ठेला शुरू किया।
उन्होंने न सिर्फ देशभर में चाय की दुकानों की एक चेन बनाई, बल्कि अपनी शानदार मार्केटिंग स्किल्स और अनोखी ब्रांडिंग से सोशल मीडिया पर भी छा गए। प्रफुल्ल खुद को एक 'चाय-प्रेन्योर' (CHAI-PRENEUR) कहते हैं। उनके शब्दों में, वो एक ‘एमबीए ड्रॉपआउट हैं, जो सभी मुश्किलों से लड़कर दुनिया की सबसे प्रभावशाली चाय-फ्रेंचाइजी में से एक बनाने में कामयाब हुए।’
