50 घंटे की लंबी सर्जरी के बाद घर लौटीं प्लास्टिक सर्जन बहू का सास ने आरती से स्वागत किया। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसने डॉक्टरों के वर्क-लाइफ बैलेंस और पारिवारिक समर्थन पर बहस छेड़ दी।
आजकल आमतौर पर ऑफिस का टाइम 8 घंटे का होता है। लेकिन कुछ नौकरियां ऐसी हैं, जहां काम के घंटे तय नहीं होते। इनमें से एक है डॉक्टरों की नौकरी और अगर डॉक्टर सर्जन हो, तो फिर क्या ही कहने। सर्जरी पूरी होने के बाद ही उन्हें ऑपरेशन थिएटर से फुर्सत मिलती है। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बहू 50 घंटे की लंबी प्लास्टिक सर्जरी के बाद घर लौटती है और उसकी सास आरती उतारकर उसका स्वागत करती है।
सास ने किया बहू का अनोखा स्वागत
वीडियो में दिख रही प्लास्टिक सर्जन का नाम डॉ। सौम्या गुप्ता है। 50 घंटे की थका देने वाली सर्जरी के बाद जब सौम्या घर में दाखिल होती हैं, तो उनकी सास आरती की थाली लिए खड़ी होती हैं। वह कहती हैं, "हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि आप हमारे घर आईं।" इस पर सौम्या अपनी सास के पैर छूती हैं और मज़ाक में कहती हैं, "भगवान मुझे सद्बुद्धि दे और घर पर ज़्यादा समय बिताने का मौका दे।"
इस दौरान डॉक्टर का सामान लेकर एक हेल्पर भी उनके साथ आता है। सास उससे पूछती हैं, "क्या आपने ऐसी बहू देखी है?" वह आगे कहती हैं, "ये चार दिन में एक बार घर आती है, लेकिन हमें बहुत खुशी है।" वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, "इतनी देर से आने के बाद आपको कैसा महसूस होता है?"
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। कई लोगों ने लिखा कि डॉक्टर की कोई वर्क-लाइफ बैलेंस नहीं है। वहीं, कुछ लोगों ने डॉक्टर के ससुराल वालों की तारीफ की। एक यूजर ने पूछा, "लगातार दो दिन काम करने के बाद भी आप इतनी फ्रेश कैसे दिख रही हैं?" कई लोगों ने इसे एक खूबसूरत वीडियो बताया।
हालांकि, कुछ लोगों ने सास की इस बात पर आपत्ति जताई कि बहू चार दिन में घर आती है। एक यूजर ने लिखा, "इसी वजह से आजकल की लड़कियां शादी नहीं करना चाहतीं।" इन आलोचनाओं के जवाब में डॉ। सौम्या गुप्ता के पति डॉ। शगुन अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने लिखा कि उनकी मां को किराए से इतनी आमदनी होती है, जो उन दोनों की सैलरी से भी ज़्यादा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी सौम्या दुनिया की सबसे अच्छी बहू हैं।


