मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में उदयपुरा विधानसभा इलाके में एक किसान का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल पर थप्पड़ मारने के आरोप लगे हैं। एमपी कांग्रेस ने इस वीडियो को शेयर कर राज्य सरकार पर हमला बोला है।
रायसेन/भोपाल. सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जहां एक किसान अपना दर्द बताते हुए मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्री पर संगीन आरोप लगा रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह मंत्री जी के पास खाद मांगने की गुहार लगा रहा था। लेकिन नेता जी को मुझपर इतना गुस्सा आया कि सबके सामने उन्होंने मेरे गाल पर एक थप्पड़ मार दिया। साथ ही जमकर मुझे फटकार भी लगाए। आखिर में बेबस होकर वापस अपने घर आ गया।
मंत्री पर कॉलर पकड़ने और मारपीट करने के आरोप
दरअसल, यह मामला रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गूगलवाड़ा का बताया जाता है। जहां किसान ने आरोप लगाया है कि खाद की किल्लत की समस्या बताने पर मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल द्वारा कॉलर पकड़कर कथित मारपीट की है। हालांकि Asianet News इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वहीं इस मामले पर मिनिस्टर साहब की अभी तक कोई प्रतिक्रिया भी नहीं आई है। वहीं यह भी पता नहीं चला है कि यह मामला किस दिन और किस तारीख का है।
MP कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो
किसान की मारपीट के आरोप के बीच कांग्रेस ने मध्य प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला है। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा-अन्नदाता खाद मांग रहा है, सरकार समाधान देने के बजाय थप्पड़ और दमन दे रही है - यह कैसा किसान कल्याण? उन्होंने कहा सीएम मोहन यादव इस मामले पर संज्ञान लीजिए और किसानों को उनका हक दीजिए। बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस ने किसान के साथ यह वीडियो एक्स पर शेयर किया है।
कौन हैं नरेंद्र शिवाजी पटेल?
बता दें कि नरेंद्र शिवाजी पटेल मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री हैं। साथ ही रायसेन जिले में भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता हैं। वह उदयपुरा विधानसभा से पहली बार विधायक बने हैं और सीधे उनको पहली बार में ही मंत्री बनाया गया है। हालांकि वह जिले के कई बार भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके पहले भी कई मामलो में वह चर्चा में चुके हैं।


