Mohan Yadav Flood Review: मध्य प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच CM मोहन यादव ने SDRF कमांड सेंटर पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि एक महीने में SDRF-NDRF ने 2783 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया। अगले कुछ दिन सावधानी की जरूरत है।
Madhya Pradesh Mein Baadh: मध्य प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5 सितंबर को भोपाल स्थित होमगार्ड कार्यालय के SDRF स्टेट कमांड सेंटर का दौरा किया। उन्होंने प्रदेश में अतिवृष्टि और बाढ़ से बने हालात की समीक्षा की और प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आपदा प्रबंधन की स्थिति की मॉनिटरिंग की। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बारिश का दौर अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है, इसलिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
एक महीने में 2783 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में SDRF और NDRF की टीमें लगातार मुस्तैद हैं। इन टीमों ने पिछले एक महीने के दौरान 2783 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि बीते 2 से 4 दिनों में किसी बड़े आपातकाल जैसी स्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन बारिश को देखते हुए राहत और बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
अचानक आई बाढ़ में SDRF-NDRF ने संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ आने से निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी। ऐसे समय में SDRF और NDRF के जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लोगों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आपदा के दौरान पुलिस और बचाव दलों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि टीमों की मुस्तैदी से कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
पश्चिमी MP को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में बारिश की पूर्ति
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बारिश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी मध्य प्रदेश को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की पूर्ति हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी परिस्थितियां चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी कुछ दिन और बारिश, लोगों से सावधानी की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बारिश का मौसम अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी रह सकती है। इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
कंट्रोल रूम से जनता से किया सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने SDRF स्टेट कमांड सेंटर से प्रदेश के कई लोगों से सीधा संवाद भी किया और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार नागरिकों के साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
