मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी को जर्मनी के आईटीबी बर्लिन ट्रैवल मार्ट में ‘ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज’ सर्टिफिकेट मिला है। यह सम्मान नीदरलैंड की ग्रीन डेस्टिनेशंस फाउंडेशन द्वारा दिया जाता है। इस उपलब्धि के साथ पचमढ़ी यह सम्मान पाने वाला देश का पहला हिल स्टेशन बन गया है।
भोपाल। Pachmarhi को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। जर्मनी के Berlin में आयोजित ITB Berlin Travel Mart के दौरान पचमढ़ी को प्रतिष्ठित ‘ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज’ सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। यह प्रमाणन Green Destinations Foundation द्वारा प्रदान किया जाता है, जो Global Sustainable Tourism Council से मान्यता प्राप्त संस्था है। इस उपलब्धि के साथ पचमढ़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान प्राप्त करने वाला भारत का पहला हिल स्टेशन बन गया है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से आशीष सिंह ने प्राप्त किया सम्मान
इस सम्मान को Ashish Singh उज्जैन संभाग के कमिश्नर ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से प्राप्त किया। यह उपलब्धि मध्यप्रदेश में पर्यटन को जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के साथ आगे बढ़ाने के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजनरी नेतृत्व और प्रदेश में ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म’ को बढ़ावा देने की नीतियों के कारण मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को लगातार नई पहचान मिल रही है। प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर यह उपलब्धि एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली मानी जा रही है।
पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा- ‘पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास’
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पर्यटन लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि पचमढ़ी को मिला ‘ग्रीन डेस्टिनेशन ब्रॉन्ज’ प्रमाणपत्र इस बात का प्रमाण है कि राज्य में पर्यटन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। इस उपलब्धि से पचमढ़ी को वैश्विक स्तर पर सस्टेनेबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मिलेगी और यहां आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
विरासत संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन की वैश्विक पहचान
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि यह सम्मान पचमढ़ी में विरासत संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा और जलवायु संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की वैश्विक पहचान है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के बाद पचमढ़ी देश के अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों और इको-टूरिज्म साइट्स के लिए एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में उभरा है। इससे प्रदेश में जिम्मेदार पर्यटन को और मजबूती मिलेगी।
क्या है ‘ग्रीन डेस्टिनेशंस’ सर्टिफिकेशन कार्यक्रम
‘ग्रीन डेस्टिनेशंस’ एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित प्रमाणन कार्यक्रम है, जो पर्यटन स्थलों के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देता है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है:
- आर्थिक स्थिरता
- पर्यावरण संरक्षण
- सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन
इन मानकों के आधार पर पर्यटन स्थलों का मूल्यांकन कर उन्हें प्रमाणन दिया जाता है।
कठोर अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद मिला सम्मान
पचमढ़ी का चयन अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित काफी जटिल और विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद किया गया। इस प्रक्रिया में निम्न छह प्रमुख विषयों पर मूल्यांकन किया गया:
- डेस्टिनेशन मैनेजमेंट
- प्रकृति और परिदृश्य
- पर्यावरण और जलवायु
- संस्कृति और परंपरा
- सामाजिक कल्याण
- व्यापारिक संचार
इन सभी विषयों के अंतर्गत 75 कठोर मापदंडों पर पचमढ़ी का परीक्षण किया गया।
मूल्यांकन में पचमढ़ी को मिला अच्छा स्कोर
मूल्यांकन प्रक्रिया में पचमढ़ी ने 10 में से 6.5 का स्कोर प्राप्त किया और 40 प्रतिशत GSTC अनुपालन स्तर हासिल किया। यह स्कोर दर्शाता है कि पचमढ़ी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सस्टेनेबल टूरिज्म की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
टूरिज्म बोर्ड के निरंतर प्रयासों का परिणाम
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड इस दिशा में लंबे समय से लगातार प्रयास कर रहा था। इस परियोजना के तहत नवंबर 2025 में पचमढ़ी में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसके बाद व्यापक फील्ड वर्क, डेटा संग्रह और दस्तावेजीकरण किया गया। इसके बाद फरवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय ऑडिटर द्वारा ऑन-साइट ऑडिट किया गया, जिसके बाद पचमढ़ी को यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ।


