BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे की पूरी जानकारी। तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से नीचे गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। जानिए कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा।

Mumbai BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार BMW के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसा करीब सुबह 5 बजे मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले रास्ते पर लोटस जेट्टी के पास हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। BMW पहले डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। चौथे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है।

Scroll to load tweet…

सुबह 5:20 बजे हुआ खौफनाक हादसा, उड़े कार के परखच्चे

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि ड्राइवर उस पर से अपना नियंत्रण पूरी तरह खो बैठा। गाड़ी सीधे पुल से नीचे आ गिरी, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। आनन-फानन में चारों घायलों को पास के नायर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।

Scroll to load tweet…

BMW Crash: तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

पुलिस और अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सनय गुज्जर (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान आदित्य ओसवाल (23) के तौर पर हुई है। सनय BMW चला रहा था और वह पढ़ाई के सिलसिले में मुंबई में रह रहा था। हादसे की परिस्थितियों और कार की रफ्तार से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Scroll to load tweet…

Mumbai BMW Accident: 10.58 किमी लंबे फ्रीवे पर सुरक्षा और रफ्तार पर उठे सवाल

यह हादसा मुंबई के बहुचर्चित 10.58 किलोमीटर लंबे कोस्टल रोड पर हुआ है, जो मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। इस हाई-स्पीड फ्रीवे पर गाड़ियों की बेकाबू रफ्तार एक बार फिर बड़े खतरे के रूप में सामने आई है। फिलहाल, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार की असली स्पीड क्या थी और क्या ड्राइवर ने नशे में गाड़ी चलाई थी या कोई अन्य तकनीकी खराबी इसकी वजह थी। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और हर कोई सन्न है।