Narmadapuram Wedding Violence : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र में हो रही शादी समारोह में एक बाप-बेटे ने चाकू और तलवार से ऐसा खूनी तांडव मचाया कि जो भी उनके सामने आया उस पर दनादन हमला करते गए। एक की तो मौत भी हो गई। पुलिसवालों तक को नहीं छोड़ा। खुशियों के बीच हुए इस खूनखराबे से पूरे गांव में दहशत का महौल है।

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां रविवार देर रात एक शादी समारोह में बाप-बेटे ने चाकू और तलवार से ऐसा तांडव मचाया कि एक युवक की मौत हो गई। वहीं जो भी उनको रोकने के लिए आया उस पर हमला करते गए। यहां तक की पुलिसवालों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर यह खूनखराबा हुआ है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नर्मदापुरम जिले के नाहरकोला गांव में खूनी तांडव

दरअसल, नर्मदापुरम जिले के नाहरकोला गांव में खुशियों का महौल था। क्योंकि यहां के निवासी सीताराम के 21 साल के बेटे भगवान कीर का वैवाहिक कार्यक्रम था। सोमवार को बरात जानी थी। मेहमान आ जा रहे थे और मंगल गीत गाए जा रहे थे। वहीं मंडप में रिश्तेदारों का खाना चल रहा था। तभी रिश्तेदार अमर सिंह कीर भी खाना खाने के लिए आया हुआ था। लेकिन वो शराब के नशे में था, तभी किसी ने कुछ कहा और विवाद शुरू हो गया। लेकिन समझाइश के बाद वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद अमर सिंह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ चाकू और तलवार लेकर आ गया।

बाप-बेटे के सिर पर सवार था खून 

बाप-बेटे के सिर पर खून सवार था, लोगों ने उनको समझाया, लेकिन वो नहीं माने। तभी दूल्हे के चाचा हरिनारायण उन्हें घर जाने के लिए समझा रहे थे, तभी लोकेश कीर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने अन्य लोग आए तो दोनों ने उनपर भी दनादन चाकू-तलवार से वार करते रहे। इस दौरान चाकू का गहरा घाव होने से दौलतराम की मौत हो गई। युवक को भोपल रेफर किया गया,लेकिन वह पहले ही दम तोड़ चुका था।

हमलावरों ने पुलिस पर भी किया वार

बता दें कि जो कोई भी बाप-बेटे को समझाने आया वह उन पर हमला करते गए। आरोपियों पूरा गांव में चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे थे जो भी आएगा वो आज मारा जाएगा। पुलिस में भी हमारी पहचान है, हमारा कुछ नहीं होगा। जिसके कारण अन्य लोग उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कुछ देर बाद सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस थाना प्रभारी केएन रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों को पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने एक आरक्षक पर चाकू से हमला कर दिया।