Narottam Mishra Emotional : मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए BJP उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने पर्चा भर दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे। इसी बीच नरोत्तम मिश्रा नामांकन के दौरान भावुक हो गए।
दतिया (मध्य प्रदेश): भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने दतिया उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। सोमवार को पर्चा भरते समय उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव, पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश BJP अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे।
इस सीट से टिकट कटने के बावजूद, राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा BJP उम्मीदवार के नामांकन में शामिल हुए। नामांकन से पहले आशुतोष तिवारी की रैली के दौरान नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए और उनकी आंखें में आंसू छलक पड़े।
नामांकन भरते ही आशुतोष ने दिग्विजय सिंह पर किया हमला
- नामांकन दाखिल करने के बाद तिवारी ने ANI से कहा, "मुझे पार्टी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। जब उनसे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पार्टी की बंपर जीत के दावे के बारे में पूछा गया, तो BJP उम्मीदवार ने कहा, "कांग्रेस नेता के अपने दावे हैं।
- BJP उम्मीदवार ने कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर भी तंज कसा। तिवारी ने कहा, "मध्य प्रदेश ने दिग्विजय सिंह को एक नुकसान के तौर पर झेला है, उनके (कांग्रेस) स्वीकार किए जाने का तो सवाल ही नहीं उठता. नरोत्तम मिश्रा हमारे अभिभावक और पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. हम सब मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में काम करते हैं और चुनाव लड़ेंगे. यहां कोई मुकाबला नहीं है और दतिया के सभी मतदाता विकास के साथ हैं."
नरोत्तम की नारजगी पर क्या बोले आशुतोष
- इससे पहले, नरोत्तम मिश्रा ने टिकट न मिलने से नाराजगी की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी किसी से "कोई नाराजगी नहीं" है और वह पार्टी के फैसले का पालन करेंगे।
- गौरतलब है कि BJP ने जब दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया, तो मिश्रा के समर्थकों ने शुक्रवार शाम को नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया था. मिश्रा 2023 के विधानसभा चुनाव में यह सीट हार गए थे।
- दतिया से तीन बार विधायक रह चुके मिश्रा ने कहा था कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं को BJP उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होने के लिए मनाएंगे और पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पालन करेंगे।
- वहीं, कांग्रेस ने इस सीट से कुंवर घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है।
30 जुलाई को वोटिंग और 3 अगस्त को परिणाम
- भारत निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा।
- जबकि वोटों की गिनती तीन दिन बाद यानि 3 अगस्त को होगी।
- यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने के कारण खाली हुई थी।


