Netanyahu’s Secret UAE Visit: नेतन्याहू के UAE के गुपचुप दौरे की खबर से मध्य पूर्व की राजनीति गरमा गई है। ईरान मुद्दे से लेकर 7 अक्टूबर हमले से पहले की कथित चेतावनी तक कई सवाल उठे हैं।
मध्य पूर्व में तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के रविवार को अबू धाबी पहुंचने की खबर सामने आई है। Reuters के मुताबिक, एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने बताया कि नेतन्याहू ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। हालांकि, नेतन्याहू कार्यालय और UAE विदेश मंत्रालय ने तत्काल इसकी पुष्टि नहीं की।
गुपचुप UAE पहुंचे नेतन्याहू, ईरान का मुद्दा क्यों अहम?
रिपोर्टों के अनुसार नेतन्याहू निजी विमान से अबू धाबी पहुंचे और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद से मुलाकात की। इजरायली मीडिया के मुताबिक यह यात्रा पहले से तय थी, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना था। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि यात्रा करीब छह घंटे की थी।मुलाकात ऐसे समय हुई है जब मध्य पूर्व में तनाव बना हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक बैठक के एजेंडे में ईरान से जुड़ा मुद्दा प्रमुख था। इजरायल और UAE के बीच 2020 में अब्राहम समझौते के बाद सुरक्षा और क्षेत्रीय मामलों पर संपर्क बढ़ा है।
यह भी पढ़ें: बृजभूषण सिंह को फिर कोर्ट का नोटिस, महिला पहलवानों ने क्यों दी बरी होने को चुनौती?
7 अक्टूबर से पहले चेतावनी का दावा, नेतन्याहू ने रिपोर्ट को किया खारिज
इस मुलाकात की खबर ऐसे वक्त आई है जब इजरायल में 7 अक्टूबर 2023 के हमले से पहले मिली कथित चेतावनी को लेकर बहस चल रही है। Haaretz की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख मोहम्मद ने हमले से करीब डेढ़ सप्ताह पहले नेतन्याहू को हमास के बड़े ऑपरेशन की चेतावनी दी थी। नेतन्याहू ने इस दावे से इनकार किया है। Reuters के अनुसार उन्होंने रिपोर्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है। UAE ने भी इस कथित चेतावनी पर कोई पुष्टि नहीं की है, हालांकि उसने दोनों देशों के बीच खुले और सीधे संपर्क की बात कही है।
एक मुलाकात, कई सवाल
नेतन्याहू की UAE यात्रा की खबर और 7 अक्टूबर से पहले की कथित चेतावनी का विवाद फिलहाल अलग-अलग रिपोर्टों और दावों पर आधारित है। यात्रा की आधिकारिक पुष्टि न होने के बावजूद मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें ईरान, इजरायल-UAE सुरक्षा संपर्क और 2023 के हमले से जुड़े सवाल एक साथ जुड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें: पुतला, नारेबाजी और पुलिस से टकराव... ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यूपी में क्या-क्या हुआ?
