नितिन नबीन 20 जनवरी को बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। वे इस पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे और उनके समर्थन में 37 नामांकन वैध पाए गए। पार्टी इसे युवा नेतृत्व और संगठनात्मक लोकतंत्र का प्रतीक बता रही है।

Nitin Nabin: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार 20 जनवरी को औपचारिक रूप से पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाएंगे। सोमवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में वो बीजेपी के इस टॉप पद के लिए अकेले उम्मीदवार के तौर पर सामने आए। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण के मुताबिक, नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इस दौरान सभी नामांकन पत्र वैलिड मिले। अब नितिन के नाम का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को होगा।

14 दिसंबर 2025 को बने थे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सीनियर नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नॉमिनेशन किया। बता दें कि 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वहीं, अब मंगलवार को वे औपचारिक तौर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे।

बीजेपी के सबसे युवा अध्यक्ष होंगे नितिन नबीन

नितिन नबीन का पार्टी के टॉप पद पर पहुंचना एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है, जो युवा पीढ़ी को एक मंच देगा। वह बीजेपी के सबसे युवा प्रमुख होंगे। पार्टी के सीनियर नेताओं ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव ने पार्टी के अंदरूनी लोकतंत्र को दिखाया है। पार्टी के चुनावों पर जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "...जबकि दूसरी पार्टियां परिवार-केंद्रित राजनीति तक ही सीमित हैं, बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपने नेतृत्व का चुनाव पारदर्शी, भागीदारी और लोकतांत्रिक तरीके से करती है।"

पीएम मोदी की तरफ से Gen Z को एक बड़ा संदेश

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नितिन नबीन को चुनने का बीजेपी का फैसला न सिर्फ पार्टी के लिए बल्कि देश के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने कहा, "यह पीएम मोदी की तरफ से Gen Z को एक बड़ा संदेश है, उन्हें राजनीति में शामिल होने का न्योता है। आने वाले चुनाव, हम नितिन नबीन के नेतृत्व में लड़ेंगे और पीएम मोदी की लोकप्रियता हमें जीतने में मदद करेगी। वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "यह बिहार के लिए खुशी का पल है और भारतीय जनता पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।