PPC 2026: परीक्षा पे चर्चा 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को परीक्षा तनाव, पढ़ाई की तैयारी, शिक्षक की गति से तालमेल और समय प्रबंधन पर उपयोगी टिप्स दिए। जानें कार्यक्रम की पूरी जानकारी और मुख्य बातें।
Pariksha Pe Charcha Highlights: देशभर में शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनसे सीधा संवाद कर परीक्षा से जुड़े तनाव, शंकाओं और चुनौतियों पर खुलकर बात की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और परीक्षा को सहज तरीके से लेने की प्रेरणा देना रहा।
शिक्षक की पढ़ाने की गति से तालमेल पर छात्र का सवाल, पीएम मोदी का समाधान
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र श्री आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री से प्रश्न किया कि कई बार वे शिक्षकों की पढ़ाने की गति से तालमेल नहीं बिठा पाते हैं, ऐसे में क्या किया जाए?
इस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों को समझाते हुए शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे अपनी अध्यापन की गति विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता के अनुरूप रखें। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि पहले से ही लेसन प्लान विद्यार्थियों के साथ साझा करें, तो बच्चों को विषय समझने में आसानी होती है।
पहले पढ़ो, फिर समझो: पीएम मोदी की पढ़ाई की रणनीति
प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि जिस चैप्टर को शिक्षक भविष्य में पढ़ाने वाले हैं, उसे विद्यार्थी पहले से पढ़कर और अध्ययन कर लें। इससे कक्षा में विषय को समझना आसान हो जाता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की गति से सामंजस्य बैठाने का सबसे अच्छा तरीका है- “पहले अपने को जोतो, फिर मन को जोड़ो और उसके बाद पढ़ाई शुरू करो।” ‘जोतो और जोड़ो’ का मतलब क्या है? पीएम मोदी ने समझाया- मन को जोतने का अर्थ है विषय से जुड़ी अधिक से अधिक जानकारी जुटाना। मन को जोड़ने का अर्थ है पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखना। उन्होंने कहा कि जब जानकारी और एकाग्रता साथ आती हैं, तो समझ मजबूत होती है और विद्यार्थी पढ़ाई में एक कदम आगे चलने लगते हैं।
तनावमुक्त जीवन और समय प्रबंधन पर पीएम मोदी के महत्वपूर्ण संदेश
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन, समय प्रबंधन, अनुशासन, जीवन कौशल और व्यवसायिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य तय करने और लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया।
2018 से लगातार हो रहा है परीक्षा पे चर्चा का आयोजन
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2018 से लगातार परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं। वर्ष 2026 में यह कार्यक्रम का नौवां संस्करण रहा। इस दौरान देशभर से आए विद्यार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए किया गया।
समय का सही प्रबंधन करने वाला कभी असफल नहीं होता: शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री के विचार सुने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का स्कूल शिक्षा विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, अनुशासन मजबूत करने और विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सक्षम बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा- “जिसने समय का सही प्रबंधन कर लिया, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता। समय अनुशासन सिखाता है और अनुशासन से जिया गया जीवन ही सफलता की सच्ची पहचान है।”
भोपाल में शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में राज्य स्तरीय आयोजन
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का राज्य स्तरीय आयोजन भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया। यहां स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने वरिष्ठ अधिकारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के साथ सजीव प्रसारण में सहभागिता की। इस अवसर पर लोक शिक्षण संचालक श्री केके द्विवेदी, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संयुक्त संचालक श्री एच. एन. नेमा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रदेशभर के स्कूलों में उत्साहपूर्वक देखा गया लाइव प्रसारण
प्रदेश में SCERT, सभी DIETs, तथा सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को उत्सवपूर्वक आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने टीवी प्रसारण के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इंटरनेट डिवाइस के माध्यम से कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा।
9 फरवरी 2026 को होगा अगला प्रसारण
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न अंचलों के विद्यार्थियों से चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण सुबह 10 बजे से विभिन्न संचार माध्यमों पर किया जाएगा। प्रदेश के विद्यालयों में इसके सजीव प्रसारण की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


