T20 वर्ल्ड कप में सुपर 8 से बाहर होने के बाद PCB ने हर खिलाड़ी पर 50 लाख PKR का जुर्माना लगाया है। सलमान अली आगा की कप्तानी में टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। सीनियर खिलाड़ियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

PCB Action on Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम के घटिया प्रदर्शन को देखते हुए बेहद सख्त कदम उठाया है। टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज से ही बाहर होने पर पीसीबी ने खिलाड़ियों पर भारी-भरकम जुर्माना लगाने का फैसला किया है। बता दें कि कि पाकिस्तान टीम अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को हराने के बाद भी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सलमान अली आगा की कप्तानी में सुपर 8 से बाहर

बता दें कि पाकिस्तान टीम सलमान अली आगा की कप्तानी में सुपर 8 तक तो पहुंची, लेकिन इसके बाद आगे नहीं बढ़ सकी। आखिरी मैच में पाकिस्तान ने 212 रन बनाए और उसे श्रीलंका को 147 रन से नीचे रोकना था, लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो पाई। श्रीलंका महज 5 रन से मैच हारा। इसकी वजह से पाकिस्तान का नेट रन रेट बेहतर नहीं हो सका और वे न्यूजीलैंड से आगे नहीं निकल पाए। यह लगातार चौथा ICC टूर्नामेंट रहा, जिसमें पाकिस्तान टीम अंतिम चार में जगह बनाने में नाकाम रही।

पाकिस्तान के हर खिलाड़ी पर 50 लाख का जुर्माना

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की खराब परफॉर्मेंस को देखते हुए PCB ने हर खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लिया गया। हालांकि, जुर्माने की प्रक्रिया 15 फरवरी को ग्रुप स्टेज में भारत से हार के बाद शुरू की गई थी।

परफॉर्मेंस से जुड़ेंगे फाइनेंशियल फायदे

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अब खिलाड़ियों को मिलने वाले फाइनेंशियल इंसेंटिव सीधे उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेंगे। टीम ने पूरा टूर्नामेंट श्रीलंका में खेला, जहां की परिस्थितियां उनके लिए अनुकूल मानी जा रही थीं। बोर्ड के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से साफ कहा कि अब सिर्फ अच्छा प्रदर्शन ही आर्थिक फायदे दिलाएगा।

टूर्नामेंट का सफर: कैसे खत्म हुई पाकिस्तान की उम्मीदें

  • पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नामीबिया को हराकर सुपर 8 में जगह बनाई। 
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका पहला सुपर 8 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। 
  • इंग्लैंड से हार के बाद उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदें दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर हो गईं।
  • इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने पाकिस्तान को थोड़ी उम्मीद दी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ करीबी जीत से उनका नेट रन रेट ज्यादा नहीं सुधर पाया। आखिरकार न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गया और पाकिस्तान का सफर यहीं समाप्त हो गया।

सीनियर खिलाड़ियों पर उठे सवाल

पूर्व कप्तान बाबर आजम, मौजूदा कप्तान सलमान अली आगा और सीनियर खिलाड़ी शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज की जमकर आलोचना हो रही है। खबर है कि घर लौटने के बाद सलमान अली आगा कप्तानी छोड़ सकते हैं, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।