प्रयागराज में 41 वर्षीय महिला ने शादी न कराने पर परिवार के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। महिला ने घरवालों पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और शादी में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आम तौर पर 25 की उम्र पार होते ही घरवाले लड़की की शादी की तैयारी शुरू कर देते हैं। लेकिन प्रयागराज में एक महिला 41 साल की हो गई और उसके घरवाले ही उसकी शादी में रोड़ा बने हुए हैं। इस बात से परेशान होकर महिला सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गई और मदद की गुहार लगाई। महिला ने पुलिस से कहा है कि उसकी शादी करवाई जाए। उसने अपने ही परिवार वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए FIR भी दर्ज करा दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या है पूरा मामला?

यह मामला प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र के मणापुर का है। यहां रहने वाली 41 साल की माधुरी पटेल ने अपने परिवार के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। माधुरी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 20 साल से घर में अकेली रह रही हैं। पारिवारिक वजहों से उनके माता-पिता ने उन्हें खुद से अलग कर दिया है। माधुरी ने अपने पिता रामराज पटेल, मां बिमला देवी, भाई राजेंद्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल पर गाली-गलौज करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि परिवार वाले उसके साथ मारपीट भी करते हैं।

'सम्मान से जीने के लिए शादी जरूरी'

  • माधुरी ने पुलिस को बताया, "मेरी उम्र 41 साल हो गई है, लेकिन मेरे माता-पिता और भाई मेरी शादी नहीं करा रहे। मैंने शादी से कभी इनकार नहीं किया। एक सम्मानजनक जीवन जीने के लिए शादी जरूरी है।"
  • माधुरी के मुताबिक, पिछले 20 सालों से उन्हें परिवार से कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। वह स्कूल में पढ़ाकर, कपड़े की दुकान और ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना गुजारा कर रही हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 27 अप्रैल को जब वह नहा रही थीं, तो उनके माता-पिता, भाई, भाभी और बहन ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की कोशिश की। माधुरी ने बताया कि उनकी दो छोटी बहनें भी हैं, जिनकी उम्र 37 और 34 साल है, लेकिन उनकी भी अभी तक शादी नहीं हुई है। माधुरी खुद डी।एल।एड। कर चुकी हैं और CTET व TET परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनके पिता किसान हैं और ट्रैक्टर भी चलाते हैं।
  • माधुरी का आरोप है कि जब भी शादी की बात होती है, तो भाई-भाभी ज्यादा खर्च का बहाना बनाकर मना कर देते हैं। साथ ही, वे उसकी प्रॉपर्टी अपने नाम कराने की कोशिश में लगे रहते हैं। फिलहाल, पुलिस ने माधुरी की शिकायत पर उसके परिवार वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी