Pune IT Engineer News : महाराष्ट्र के पुणे से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां IT इंजीनियर तृष्णा राहुल सकपाल ने सुसाइड कर लिया। उसकी मौत के जिम्मेदार उसके ससुराल वाले हैं। मौत से पहले उसने एक लेटर लिखा है, जिसमें वजह भी बाताई गई है।
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में 33 साल की IT इंजीनियर तृष्णा राहुल सकपाल की आत्महत्या का मामला सामने आया है। महिला ने अपनी मौत से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें उसने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। महिला के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2018 में हुई थी शादी
तृष्णा के पिता बालकृष्ण निकम के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी साल 2018 में राहुल सकपाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही तृष्णा पर कई तरह की मांगों को पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा था। पिता का कहना है कि उससे अपनी पूरी सैलरी ससुराल वालों को देने के लिए कहा जाता था।
मायके का फ्लैट सास के नाम करने का दबाव
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तृष्णा पर मायके का फ्लैट अपनी सास के नाम करने और ससुर के लिए करीब एक करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने का दबाव भी था। पिता के अनुसार, तृष्णा इन परिस्थितियों से परेशान थी और उसे शारीरिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ी।
2021 में पति से अलग रहने लगी थी तृष्णा
पिता की शिकायत के मुताबिक, शादी के करीब तीन साल बाद यानी 2021 में तृष्णा अपने मायके लौट आई थी। इसके बाद उसके पति ने दूसरी शादी करने के लिए तलाक की अर्जी दाखिल की। यह मामला अभी अदालत में लंबित बताया गया है।
सुसाइड नोट में पांच लोगों के नाम
बताया गया है कि 29 सितंबर को तृष्णा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें पति राहुल, सास वैशाली, ससुर संजय, ननद शैली और दादी-सास शकुंतला सालुंके को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
तृष्णा के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले में दहेज के लिए प्रताड़ना के आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।
डिस्क्लेमर
- आत्महत्या के बारे में बात करना कुछ लोगों के लिए परेशान करने वाला हो सकता है। हालांकि, आत्महत्या को रोका जा सकता है। अगर आपको मदद की जरूरत है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद की जरूरत है, तो कृपया अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
- हेल्पलाइन: आसरा: 022 2754 6669; स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: +914424640050 और संजीवनी: 011-24311918, रोशनी फाउंडेशन (सिकंदराबाद) संपर्क नंबर: 040-66202001, 040-66202000; वन लाइफ: संपर्क नंबर: 78930 78930, सेवा: संपर्क नंबर: 0944177829


