Ram Mandir donation Scam :राम मंदिर चंदा गबन के आरोपों की जांच तेज हो गई है। अयोध्या पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से पूछताछ हुई है।
अयोध्या (उत्तर प्रदेश): राम मंदिर के चंदे में कथित गबन के मामले में जांच तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज किया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि अभी चंपत राय से पूछताछ हुई है, लेकिन अगर जांच में जरूरत पड़ी तो ट्रस्ट के दूसरे बड़े पदाधिकारियों से भी पूछताछ होगी।

चंपत राय ने किए क्या क्या खुलासे?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चंपत राय ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि उन्हें चढ़ावा चोरी की कोई जानकारी नहीं थी। इसमें कौन कौन शामिल हैं इसकी भी कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि पुलिस ने अभी यह उजागर नहीं किया है कि चंपत राय ने और क्या क्या बताा। वहीं अब बताया जा रहा है कि अब अनिल मिश्रा और ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों से पूछताछ होगी। पुलिस ने इसकी कागजी तैयारी भी पूरी कर ली है।
आरोपी अविनाश शुक्ला के घर पहुंची पुलिस
इससे पहले रविवार को, पुलिस की एक टीम अयोध्या में एक आरोपी अविनाश शुक्ला के घर पहुंची थी, जिससे मामले की जांच में और तेजी आ गई। इस घटना पर मीडिया से बात करते हुए, आरोपी के भाई अभिषेक शुक्ला ने कहा कि अगर परिवार का कोई भी सदस्य मंदिर के पैसों के गबन में शामिल पाया गया, तो परिवार उसका साथ नहीं देगा।
आखिर कहां गईं भक्तों की सोने-चांदी की ईंटें और गहने
- इस पूरे मामले पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। ट्रस्ट ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में श्री राम मंदिर (अयोध्या) को लेकर सामने आई घटनाओं से हम हैरान, आहत और बहुत दुखी हैं। हम एक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और भक्तों को आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ट्रस्ट ने यह भी घोषणा की कि उन्हें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे मिल गए हैं। ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस मामले पर विचार करेगा."
- भक्तों को भरोसा दिलाते हुए ट्रस्ट ने कहा कि भगवान राम को चढ़ावे के तौर पर भक्तों द्वारा व्यक्तिगत रूप से दी गई सभी कीमती चीजें, जिनमें चांदी की ईंटें और गहने शामिल हैं, सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब-किताब रखा गया है।
ट्रस्ट ने कहा, "ट्रस्ट उन भक्तों को विश्वास दिलाता है जिन्होंने भगवान राम को अर्पित करने के लिए ट्रस्ट के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से चांदी की ईंटों और गहनों जैसी चीजें सौंपी थीं, कि ये सभी वस्तुएं सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब है."
ट्रस्ट ने आगे विश्वास जताया कि सच की जीत होगी. बयान में कहा गया, "अंधेरा आखिरकार छटेगा और सत्य का प्रकाश चमकेगा. भगवान श्री राम की महिमा का अटूट प्रवाह हमेशा जारी रहेगा।


