Rapido Delhi Woman Safety: दिल्ली में एक लड़की को चलती रैपिडो बाइक से कूदना पड़ा क्योंकि ड्राइवर उसे अनजान रास्ते पर ले जा रहा था। लड़की का कहना है कि इस घटना से भी ज़्यादा निराशाजनक कंपनी का रवैया था, जिसने शिकायत पर कोई जवाब नहीं दिया।

Rapido Bike Taxi Incident: दिल्ली में काम पर जाने के लिए बुक की गई एक सामान्य Rapido बाइक राइड उस समय डरावने अनुभव में बदल गई, जब एक महिला ने ड्राइवर पर कथित तौर पर सुनसान रास्ते पर ले जाने और बार-बार कहने के बावजूद बाइक नहीं रोकने का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक, जब उसे अपनी सुरक्षा का डर सताने लगा तो उसने आखिरकार चलती बाइक से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके हाथ, पैर और सिर में चोटें आईं और उसे इलाज की जरूरत पड़ी।

ड्राइवर पर सुनसान रास्ते पर ले जाने का आरोप

महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि वह काम पर जाने के लिए Rapido बाइक बुक करके निकली थीं। यात्रा के दौरान ड्राइवर कथित तौर पर एक ऐसे रास्ते पर मुड़ गया, जिससे वह परिचित नहीं थीं।

महिला के अनुसार, ड्राइवर ने इस रास्ते को विश्वविद्यालय की ओर जाने वाला ‘सीधा रास्ता’ बताया। लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उन्हें रास्ता बेहद सुनसान नजर आया। उन्हें शक हुआ कि कुछ गलत हो सकता है। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर से रास्ता बदलने या बाइक रोकने को कहा।

पैसे देने की पेशकश के बाद भी नहीं रोकी बाइक

महिला का दावा है कि उन्होंने ड्राइवर से बाइक रोकने के लिए कई बार अनुरोध किया। यहां तक कि उन्होंने उसे अतिरिक्त पैसे देने की पेशकश भी की, लेकिन ड्राइवर कथित तौर पर नहीं रुका। महिला ने बताया कि स्थिति से घबराकर उन्होंने ड्राइवर को रोकने की कोशिश की और उसे हाथ भी मारा, लेकिन इसके बावजूद बाइक चलती रही। आखिरकार उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए चलती बाइक से कूदने का फैसला लेना पड़ा। बाइक से गिरने के कारण महिला को हाथ, पैर और सिर में चोटें आईं। उन्हें मेडिकल सहायता लेनी पड़ी।

कस्टमर केयर से जवाब नहीं मिलने का दावा

महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने Rapido के कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शिकायत सार्वजनिक की और कंपनी से ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने ड्राइवर की जानकारी उपलब्ध कराने और मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।

Rapido ने ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से किया स्थायी रूप से सस्पेंड

मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद Rapido ने महिला की शिकायत का जवाब दिया। कंपनी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा और सम्मान उसकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाता।

बाद में कंपनी ने बताया कि संबंधित ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से स्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, ड्राइवर की जानकारी महिला के साथ ईमेल के जरिए साझा की गई है ताकि वह जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई कर सकें। Rapido ने महिला को मेडिकल और कानूनी सहायता समेत हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही।

सोशल मीडिया पर महिला सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने महिला को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और मामले को कानूनी तौर पर आगे बढ़ाने की सलाह दी। वहीं, कुछ यूजर्स ने अपने साथ भी राइड के दौरान ऐसी ही परेशानी होने के अनुभव साझा किए।

इस घटना ने एक बार फिर कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं में महिला यात्रियों की सुरक्षा, ड्राइवर के रूट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।