UP Election 2027 से पहले रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर आजाद को खुली चुनौती दी है। ऐलान किया कि चंद्रशेखर जहां से चुनाव लड़ेंगे, वह भी वहीं उतरेंगी। क्या हस्तिनापुर बनेगा सियासी जंग का अखाड़ा?
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक ऐसी सीट चर्चा में आ गई है, जिसका कनेक्शन महाभारत की धरती से भी है। यहां मुकाबला सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि दो ऐसे चेहरों के बीच भी हो सकता है, जिनके बीच व्यक्तिगत विवाद लंबे समय से सुर्खियों में रहा है। दलित राजनीति के चर्चित चेहरे और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को अब डॉ. रोहिणी घावरी ने चुनावी मैदान में सीधी चुनौती दे दी है। उनका कहना है कि चंद्रशेखर जहां से चुनाव लड़ेंगे, वह भी वहीं से ताल ठोकेंगी। इस ऐलान के बाद मेरठ की हस्तिनापुर सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है।
चंद्रशेखर जहां से लड़ेंगे, मैं भी वहीं से उतरूंगी
डॉ. रोहिणी घावरी ने एक मीडिया इंटरव्यू में साफ कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद को चुनाव में चुनौती देना चाहती हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की एक बड़ी राजनीतिक पार्टी ने उन्हें टिकट देने का भरोसा दिया है। हालांकि, उन्होंने पार्टी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। रोहिणी के मुताबिक, अगर चंद्रशेखर अपनी सीट बदलते हैं तो वह भी अपनी चुनावी रणनीति बदल लेंगी।
यह भी पढ़ें:'नर्क नहीं जाना चाहता', ट्रंप ने मौत के बाद की जिंदगी पर कही ऐसी बात, मच गई चर्चा
हस्तिनापुर सीट पर क्यों है नजर?
रोहिणी घावरी ने हस्तिनापुर विधानसभा सीट का विशेष तौर पर जिक्र किया है। माना जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद भी 2027 में यहां से चुनाव लड़ने की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी पर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। हस्तिनापुर मेरठ जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है और पश्चिमी यूपी की दलित राजनीति में इसका खास महत्व है।
व्यक्तिगत विवाद को चुनावी चुनौती से जोड़ा
रोहिणी घावरी और चंद्रशेखर आजाद के बीच पहले से विवाद चल रहा है। रोहिणी ने चंद्रशेखर पर शादी का भरोसा देकर धोखा देने और शोषण करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर कानूनी विवाद भी चर्चा में रहा है। अब रोहिणी ने अपनी चुनावी चुनौती को इसी कथित अपमान और न्याय की लड़ाई से जोड़ दिया है।
महाभारत और द्रौपदी का किया जिक्र
रोहिणी ने हस्तिनापुर का जिक्र करते हुए महाभारत के प्रसंग को भी अपने बयान से जोड़ा। उन्होंने द्रौपदी के अपमान का उदाहरण देते हुए कहा कि एक बेटी के अपमान और शोषण का जवाब जनता देगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
स्विट्जरलैंड में रहती हैं रोहिणी घावरी
डॉ. रोहिणी घावरी फिलहाल स्विट्जरलैंड में हैं और वहां एक स्वयंसेवी संगठन चलाती हैं। सोशल मीडिया के जरिए वह लगातार राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखती रही हैं। अब उनके चुनावी ऐलान ने यूपी की दलित राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। सवाल यह है कि क्या 2027 में हस्तिनापुर चंद्रशेखर और रोहिणी के संभावित मुकाबले का गवाह बनेगा या चुनाव से पहले ही सीट का समीकरण बदल जाएगा?
यह भी पढ़ें: Nisha Bhagat Case: 'निडर लड़की इतनी विवश कैसे हो गई', अंतिम विदाई में छलका नेताओं का दर्द












