Riyadh Airport Fire: रियाद एयरपोर्ट के पास काले धुएं और आग का बड़ा गुबार दिखा। इससे पहले हवाई खतरे का अलर्ट जारी हुआ था। क्या ये हूती हमले से जुड़ा है? जानिए पूरा मामला।

King Khalid International Airport Fire: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में शनिवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब एयरपोर्ट के पास आग की लपटों के साथ काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। ये घटना उस समय सामने आई, जब सऊदी अधिकारियों ने राजधानी और आसपास के इलाकों में 'हवाई खतरे' (Hostile Aerial Threat) को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया था। हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि एयरपोर्ट के पास दिखी आग और धुआं उसी हवाई खतरे से जुड़ा था या नहीं।

रियाद एयरपोर्ट के पास क्या दिखा?

रॉयटर्स के मुताबिक, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (King Khalid International Airport) के पास आग और काले धुएं का बड़ा गुबार देखा गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एयरपोर्ट की दिशा में धुआं और आग दिखाई दे रही थी। रॉयटर्स के वीडियो और तस्वीरों में भी इलाके से उठता काला धुआं नजर आया। हालांकि, सऊदी सरकार की ओर से तत्काल ये पुष्टि नहीं की गई कि एयरपोर्ट पर सीधा हमला हुआ है। घटना के पीछे की वजह भी उस समय साफ नहीं थी। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इसे हूतियों के संभावित हमले से जोड़ा, लेकिन इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

Scroll to load tweet…

पहले आया था हवाई खतरे का अलर्ट

धुएं और आग का ये नजारा सामने आने से पहले सऊदी सिविल डिफेंस ने रियाद और पास के अल-खर्ज (Al-Kharj) इलाके में लोगों को संभावित खतरे को लेकर अलर्ट भेजा था। लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सावधान रहने को कहा गया। बाद में अधिकारियों ने खतरा टलने की जानकारी देते हुए सब ठीक होने को कहा गया था। रियाद में रात के दौरान धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने की भी खबरें आईं। AFP के मुताबिक, राजधानी में अलर्ट जारी होने के बाद पत्रकारों ने धमाकों की आवाज सुनी थी। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत ये नहीं बताया कि धमाकों की वजह क्या थी।

क्या हूतियों ने किया हमला?

रियाद में हुई घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एयरपोर्ट के पास दिखा धुआं हूती हमले (Houthi Attack) से जुड़ा था। इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। ये घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब यमन में सक्रिय हूती बलों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। रॉयटर्स के मुताबिक, हाल के दिनों में हूतियों की ओर से सऊदी शहरों, ऊर्जा ढांचे और समुद्री रास्तों को निशाना बनाकर हमले बढ़े हैं। इसी बढ़े तनाव के बीच रियाद में हवाई खतरे का अलर्ट जारी किया गया। इसलिए एयरपोर्ट के पास आग और धुएं को लेकर हूती हमले की चर्चा जरूर हुई, लेकिन अब तक सऊदी अधिकारियों की ओर से घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

Scroll to load tweet…

एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी पड़ा असर

घटना का असर रियाद एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी देखा गया। फ्लाइट-ट्रैकिंग सर्विस Flightradar24 के डेटा के हवाले से रिपोर्ट्स में बताया गया कि किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देरी और कुछ उड़ानों के कैंसिल होने की स्थिति बनी। कुछ समय के लिए एयरपोर्ट का प्रभावित इंडेक्स पांच के अधिकतम स्तर तक पहुंच गया था, जिसे बड़े स्तर की परेशानी का संकेत माना जाता है। बाद में लाइव फ्लाइट डेटा में विमान रियाद से आते-जाते दिखाई दिए, हालांकि कुछ उड़ानें देरी से चल रही थीं। यानी उपलब्ध जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट पूरी तरह बंद नहीं हुआ था। स्थिति सामान्य होने की ओर बढ़ती दिखी, लेकिन उड़ानों पर असर बना रहा।