Sharjah Murder Case: UAE के शारजाह में कर्नाटक के एल्विन प्रकाश कुंदर का शव 9 टुकड़ों में मिला। दो बैगों में पैक शव कार से बरामद हुआ। परिवार को पहले एक अजीब मैसेज मिला था। अब पत्नी और किशोर बेटे के लापता होने से कई सवाल खड़े हैं।
UAE Murder Case: विदेशी सरजमीं पर एक भारतीय युवक के साथ दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले 38 साल के एल्विन प्रकाश कुंदर की यूएई के शारजाह में बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रकाश शारजाह एयरपोर्ट पर काम करते थे और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। लेकिन जुलाई से लापता चल रहे प्रकाश का सच जब सामने आया, तो हर कोई सन्न रह गया। उनका शव किसी आम तरीके से नहीं, बल्कि नौ टुकड़ों में कटा हुआ दो अलग-अलग बैगों में मिला।
Sharjah Murder: दो बैगों में मिले शव के 9 टुकड़े
परिवार के मुताबिक, एल्विन का शव ओमान जाने वाली सड़क के किनारे खड़ी एक कार में मिला। शरीर को नौ हिस्सों में काटकर दो बैगों में रखा गया था। बाद में इन हिस्सों की पहचान एल्विन के शव के रूप में की गई। हत्या कब और कहां हुई, इसका कारण क्या था और इसमें कौन शामिल है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिवार को हाल ही में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली, जिसके बाद उन्होंने उडुपी पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की।

Alwin Prakash Missing: एक मैसेज ने बढ़ाया शक
यह खौफनाक राज तब खुला जब परिवार वालों ने जुलाई के आखिर में प्रकाश से संपर्क न होने पर छानबीन शुरू की। एल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर के अनुसार, करीब 20 जुलाई को उन्होंने भाई से संपर्क करने की कोशिश की थी। कॉल का जवाब नहीं मिला, लेकिन उनके फोन से एक टेक्स्ट मैसेज आया कि वह ठीक हैं। परिवार को यह बात अजीब लगी क्योंकि एल्विन आमतौर पर वॉयस मैसेज भेजते थे। कुछ दिनों बाद भी संपर्क नहीं हुआ तो अनिल ने शारजाह में रहने वाले एल्विन के पुराने सहपाठी मनोहर से मदद मांगी। वह एल्विन के कंपनी वाले फ्लैट पर पहुंचा। वहां चौकीदार और HR विभाग ने बताया कि एल्विन भारत चले गए हैं। बाद में पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि वह UAE से भारत नहीं गए थे। इसके बाद उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।

Sharjah Case: पत्नी और किशोर बेटा भी लापता
एल्विन की पत्नी टीना शारजाह में स्कूल टीचर हैं और उनका बेटा 10वीं कक्षा में पढ़ता है। एल्विन की मौत के बाद से दोनों का पता नहीं चल पाया है। कुछ रिपोर्टों में उनके भारत आने की संभावना जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में हत्या में टीना की संभावित भूमिका को लेकर अटकलों का जिक्र है। परिवार का कहना है कि उसे दंपति के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। परिवार की ओर से CCTV में दो पुरुषों और एक महिला को बिल्डिंग से निकलते देखने की बात भी कही गई है। एल्विन करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। मामले की जांच में अब उनकी मौत, पत्नी-बेटे के लापता होने और CCTV समेत दूसरे सबूतों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।


