Instagram Love Affair: सीतापुर के रेउसा में इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी सड़क पर विवाद में बदल गई। शादी का झांसा देकर लिव-इन में रखने का आरोप लगाते हुए महिला ने पहले से शादीशुदा युवक की बीच बाजार चप्पलों से पिटाई कर दी।

Sitapur Viral Video: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत रेउसा कस्बे की सड़क पर सार्वजनिक विवाद के रूप में सामने आया। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी के वादे और करीब एक साल तक साथ रहने के बाद जब महिला को पता चला कि उसका प्रेमी पहले से शादीशुदा है, तो वह सीधे उसके गांव पहुंच गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और बीच बाजार युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, शादी के वादे के साथ साथ रहे

जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली है और अहमदाबाद में नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए रेउसा क्षेत्र के एक युवक से हुई। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर दोनों करीब एक वर्ष तक लखनऊ में किराये के मकान में साथ रहे। कुछ दिन पहले युवक अचानक उसे छोड़कर अपने गांव रेउसा लौट आया, जिसके बाद महिला को संदेह हुआ।

पहले से शादीशुदा होने का खुलासा, फिर बीच बाजार हुआ विवाद

महिला का कहना है कि जब उसने युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इस जानकारी के बाद वह शनिवार को रेउसा पहुंची और युवक से जवाब मांगने लगी। दोनों के बीच पहले बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया। गुस्से में महिला ने युवक की चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ तमाशा देखने लगी, जबकि युवक माफी मांगता दिखाई दिया। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने की पूछताछ, शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के नाम-पते दर्ज कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।