सिया गोयल केस में नया मोड़ सामने आया है। भाई साहिल गोयल के इंटरव्यू के बाद एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। जानिए पूरा मामला
Siya Goyal Case Update: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal Murder Case) में एक नया मोड़ आ गया है। अब मामले में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल के एक इंटरव्यू के बाद एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने उन्हें 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेज दिया है। इसके बाद पूरा मामला एक बार फिर गरमा गया है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि इंटरव्यू के बाद इतने बड़े मानहानि के नोटिस की नौबत आ गई? आइए जानते हैं पूरा विवाद…

सिया गोयल केस में नया विवाद क्या है?
पूरा विवाद सिया गोयल की कानूनी पैरवी को लेकर शुरू हुआ। हाल ही में मुख्य आरोपी सिया गोयल (Siya Goyal) के भाई साहिल गोयल ने 'इंडिया टुडे टीवी' को एक इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में साहिल ने दावा किया था कि उनके परिवार ने एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव को कभी अपना वकील नियुक्त नहीं किया। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कानूनी दस्तावेजों पर सिया के साइन लेने में गड़बड़ी हो सकती है। इन्हीं बयानों के बाद आशुतोष श्रीवास्तव ने कड़ा रुख अपनाते हुए मानहानि नोटिस भेज दिया।
10 करोड़ रुपए का नोटिस क्यों?
आशुतोष श्रीवास्तव का कहना है कि साहिल गोयल के आरोप पूरी तरह गलत, भ्रामक और उनकी प्रोफेशनल इमेज को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। नोटिस में मांग की गई है कि आरोप वापस लिए जाएं, सार्वजनिक माफी मांगी जाए और भविष्य में ऐसे बयान दोबारा न देने का लिखित आश्वासन दिया जाए। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग भी की गई है।
केतन मर्डर केस में कोर्ट में क्या हुआ?
सुनवाई के दौरान आशुतोष श्रीवास्तव ने दावा किया कि वे सिया गोयल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्होंने कोर्ट में वकालतनामा भी पेश किया। लेकिन कोर्ट में सिया गोयल ने कहा कि उनके वकील आशुतोष श्रीवास्तव नहीं बल्कि एडवोकेट विपुल दुशिंग हैं। इसके बाद यह विवाद और गहरा गया।
वकील का क्या कहना है?
आशुतोष श्रीवास्तव का दावा है कि उनकी टीम ने सीधे सिया गोयल से मुलाकात की थी। उनके मुताबिक, सिया ने खुद उन्हें कानूनी सहायता के लिए अधिकृत किया था और वकालतनामे पर अपने साइन किए थे। वकील का कहना है कि सिया बालिग हैं और अपने फैसले खुद लेने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका संपर्क सीधे सिया से था, न कि परिवार के किसी सदस्य से।
साहिल गोयल ने क्या आरोप लगाए?
साहिल गोयल का कहना है कि परिवार ने आधिकारिक रूप से एडवोकेट विपुल दुशिंग को नियुक्त किया था। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कोर्ट में हलफनामा भी दाखिल किया गया था। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि आशुतोष श्रीवास्तव को परिवार की ओर से कोई अधिकार नहीं दिया गया था। हालांकि, अब तक साहिल गोयल की ओर से 10 करोड़ रुपए के नोटिस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
केतन हत्या केस की जांच कहां तक पहुंची?
इसी बीच पुलिस हत्या मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं, डिलीट किया गया डेटा रिकवर करने की कोशिश हो रही है, सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और नए गवाहों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा कथित रूप से गायब पासपोर्ट की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
केतन अग्रवाल हत्याकांड क्या है?
पुलिस के अनुसार, 20 साल सिया गोयल और उसके 22 साल बॉयफ्रेंड पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों ने मिलकर पुणे के लोहागढ़ किले के पास कथित तौर पर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर मारने का प्लान बनाया। पुलिस का दावा है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी और इसी वजह से यह साजिश रची गई। हालांकि मामले में अंतिम फैसला अदालत द्वारा सुनवाई पूरी होने के बाद ही आएगा।


