Sonia Gandhi ने Instagram पर डेब्यू करते हुए अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक साझा की। वीडियो में प्रियंका गांधी वाड्रा भी नजर आईं। किताब 10 नवंबर 2026 को भारत में रिलीज होगी।
Sonia Gandhi Instagram: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना कदम रखा। अपनी पहली ही पोस्ट में उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित किताब 'बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक दुनिया के सामने पेश की। इस वीडियो में वे अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ किताब की पहली कॉपी मिलने की खुशी मनाती और एक-दूसरे को मिठाई खिलाती नजर आ रही हैं।
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर लिखी दिल की बात
- सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में इस किताब को अपने जीवन के निजी पलों, फर्ज, नुकसान और भारत में अपनी जगह बनाने की एक भावुक कहानी बताया।
- उन्होंने लिखा, "आप सभी के साथ इस खास पल को शेयर करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। पेश है मेरी किताब 'बिलोंगिंग' की पहली झलक।"
- वीडियो में सोनिया अपनी बेटी प्रियंका को किताब के पन्नों में छपी पुरानी तस्वीरों को दिखाती हुई बेहद सहज अंदाज में नजर आ रही हैं।
- लंबे इंतजार के बाद हार्परकॉलिन्स इंडिया इसे 10 नवंबर को भारत में पब्लिश करने जा रहा है।
पब्लिशर विवाद और किताब से जुड़ी अहम बातें
इससे पहले इस संस्मरण को पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया पब्लिश करने वाला था, लेकिन एडिटोरियल बदलावों को लेकर बात नहीं बनी।
- कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया था कि सरकार के दबाव के चलते पेंगुइन ने हाथ पीछे खींचे, हालांकि पब्लिशर ने किसी भी बाहरी राजनीतिक दबाव से इनकार किया है।
- बचपन से कैम्ब्रिज तक का सफर: किताब की शुरुआत युद्ध के बाद इटली में सोनिया गांधी के बचपन और फिर कैम्ब्रिज जाने की कहानी से होती है, जहां 1965 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
- भारतीय संस्कृति में ढलने की कहानी: इसमें राजीव गांधी से शादी, सास इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात, हिंदी सीखने और साड़ी पहनने जैसे शुरुआती अनुभवों को साझा किया गया है।
- पारिवारिक त्रासदियां: संजय गांधी की एक्सीडेंट में मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की शहादत जैसे दर्दनॉक हादसों पर भी रोशनी डाली गई है।
- 2004 का राजनीतिक मोड़: किताब में 2004 में कांग्रेस की जीत के बाद सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद ठुकराने और यूपीए सरकार की कमान संभालने के राजनीतिक घटनाक्रम को भी जगह दी गई है।









