महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के अंदर सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार से हमला हुआ। उन्हें हल्की चोट आई है। आरोपी हिरासत में है और जांच जारी है। सुखबीर सिंह बादल पर हमले के बाद प्रधानमंत्री ने उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक, पीएम ने बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

Who is Sukhbir Singh Badal: महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर लीडर और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारे में हमला किया गया। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गुरुद्वारे में धारदार हथियार से किया गया हमला

यह घटना नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में हुई। जानकारी के अनुसार, एक निहंग ने धारदार हथियार, जिसे कृपाण बताया जा रहा है से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। इस हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट आई। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी यशोसाई अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

हमले के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हमले की वजह का पता लगाया जा सके। घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा भी और कड़ी कर दी गई है।

डीएम राहुल कर्डिले ने क्या कहा?

नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल निजी यात्रा पर गुरुद्वारे आए थे। उनके कार्यक्रम के अनुसार उन्हें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक गुरुद्वारा परिसर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में सुखबीर सिंह बादल को हल्की चोटें आई हैं। वहीं, उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी मामूली चोट लगी है।

अस्पताल पहुंचने का वीडियो आया सामने

हमले के बाद जब सुखबीर सिंह बादल अस्पताल पहुंचे तो उसका एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में वह सुरक्षाकर्मियों के बीच अस्पताल में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है।

पहले भी हो चुका है हमला

यह पहली बार नहीं है जब सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ हो। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर उन पर कथित तौर पर गोली चलाने का प्रयास किया गया था। उस घटना में भी वह सुरक्षित बच गए थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हमले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की पूरी जानकारी मांगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के सूत्रों के अनुसार, आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

सुखबीर सिंह बादल कौन हैं?

सुखबीर सिंह बादल पंजाब के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में से एक हैं। वह शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal - SAD) के अध्यक्ष हैं और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। लंबे समय से वह राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल बठिंडा से कई बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और भारत सरकार में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री भी रह चुकी हैं।

प्रधानमंत्री ने हरसिमरत कौर से फोन पर ली जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल की तबीयत को लेकर उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा

  • सुखबीर सिंह बादल का जन्म 9 जुलाई 1962 को पंजाब के फरीदकोट जिले में हुआ।
  • वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं।
  • उन्होंने Panjab University, Chandigarh से पढ़ाई की और बाद में California State University, Los Angeles (CSULA) से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की शिक्षा प्राप्त की।

राजनीतिक सफर

  • सुखबीर सिंह बादल ने 1990 के दशक में सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
  • वर्ष 1996 में पहली बार फरीदकोट लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।
  • इसके बाद उन्होंने पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
  • 2009 से 2017 तक वह पंजाब के उपमुख्यमंत्री रहे।
  • इस दौरान उनके पास गृह, उद्योग, आवास, निवेश और अन्य महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी रही।
  • उन्होंने पंजाब में सड़क, शहरी विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई परियोजनाओं पर काम किया।