दक्षिण अमेरिका के सूरीनाम से एक परिवार 132 साल बाद अपने पूर्वजों की तलाश में यूपी के गाजीपुर पहुंचा है। 70 साल के बुजुर्ग पिता का सपना पूरा करने के लिए परिवार ने खानपुर गांव का दौरा किया और रिश्तेदारों को खोजने के लिए डीएनए सैंपल भी दिया है।
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश). दक्षिण अमेरिका के सूरीनाम से एक परिवार 132 साल बाद अपने पुरखों की तलाश में गाजीपुर आया है। जॉन मोहनलाल रामनंदनलाल और शारदा रामनंदनलाल ने अपने 70 साल के पिता का जिंदगी भर का सपना पूरा करने के लिए गाजीपुर के खानपुर गांव और वाराणसी का दौरा किया। इस परिवार ने अपने पूर्वजों का पता लगाने और वंशावली की वैज्ञानिक जांच के लिए ज्ञान लैब में प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे को अपने डीएनए सैंपल भी दिए हैं।

1894 को कलकत्ता से ब्रिटिश जहाज में निकले थे सूरीनाम
ऐतिहासिक दस्तावेजों और रिसर्च के मुताबिक, इस परिवार के पूर्वज रामनंदन और उनकी पत्नी राजवंतिया यूपी में गाजीपुर जिले के सैदपुर थाने के तहत आने वाले खानपुर गांव के रहने वाले थे। उस समय रामनंदन की उम्र सिर्फ 24 साल थी और उनके पिता का नाम होरोपुरसाद (हरि प्रसाद) था। वहीं, राजवंतिया 22 साल की थीं और उनके पिता का नाम बरम चारीलाल था। यह कपल कायस्थ समुदाय से ताल्लुक रखता था। ये दोनों 25 अगस्त 1894 को कलकत्ता से एक ब्रिटिश जहाज 'एम्स' (Ames) में बैठकर गिरमिटिया मजदूर के तौर पर सूरीनाम (पारामारिबो) के लिए निकले थे।

1934 को अपनाया था यह सरनेम
इस जहाज में करीब 400 से 500 अन्य यात्री भी सवार थे। समंदर में 89 दिनों के लंबे और मुश्किल सफर के बाद, वे 22 नवंबर 1894 को पारामारिबो पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें निकेरी जिले के 'वाटरलू' बागान में काम पर रखा गया। सूरीनाम में बसने और अपना कॉन्ट्रैक्ट पूरा करने के बाद, रामनंदन और राजवंतिया ने 20 दिसंबर 1911 को आधिकारिक तौर पर शादी कर ली। इतिहास में दर्ज है कि उनके बेटे जयकरम ने 15 अक्टूबर 1934 को 'रामनंदनलाल' सरनेम अपनाया था। आज की पीढ़ी भी इसी सरनेम का इस्तेमाल कर रही है।

70 साल के एक बुजुर्ग की दिली ख्वाहिश
- सूरीनाम में बस चुके इस परिवार के पास अपने पूर्वजों के बारे में बहुत कम जानकारी थी। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे अपनी जड़ों की तलाश कहां से शुरू करें। परिवार के 70 साल के एक बुजुर्ग की दिली ख्वाहिश थी कि वह अपनी आंखों से अपने पुरखों की जमीन देखे।
- डॉ. पवन और कुछ अन्य लोगों की मदद से यह परिवार बनारस पहुंचा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से मिलने के लिए गाजीपुर के खानपुर गांव का दौरा किया। अब ज्ञान लैब में दिए गए डीएनए टेस्ट के नतीजों के आधार पर, परिवार को उम्मीद है कि वे पूर्वी उत्तर प्रदेश और गाजीपुर में अपने खून के रिश्तेदारों को खोज लेंगे और वैज्ञानिक तौर पर अपनी जड़ों की पुष्टि कर पाएंगे।








