CM Vijay UK Tour : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का इंग्लैंड दौरा राज्य के लिए बड़ी कामयाबी लेकर आया है। इस दौरे से 15,300 करोड़ रुपये के निवेश और 10,000 से ज्यादा नई नौकरियों का रास्ता साफ हुआ है। साथ ही राज्य में कई बड़े प्रोजेक्ट साइन भी हुए हैं।

चेन्नई (तमिलनाडु) : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का इंग्लैंड दौरा काफी सफल रहा है। राज्य सरकार ने आज बताया कि इस ट्रिप का मकसद तमिलनाडु को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब (वैश्विक निवेश का केंद्र) बनाना था। सरकार ने एक ऑफिशियल प्रेस रिलीज में बताया कि सीएम विजय 10 सितंबर को इंग्लैंड गए थे। उनका टारगेट राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना है, ताकि 2036 तक तमिलनाडु की इकॉनमी 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सके।

67,452 करोड़ रुपये के 97 MOU हुए साइन

  • सरकार के मुताबिक, 'वेट्री तमिलनाडु इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव 2026' के जरिए 67,452 करोड़ रुपये के 97 एमओयू साइन किए गए हैं। इससे 1,06,998 नौकरियां पैदा होंगी। सरकार ने अपने शुरुआती 100 दिनों में ही 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश जुटा लिया है।
  • लंदन दौरे के दौरान 12 सितंबर को सीएम विजय ने यूके में भारत के राजदूत कुमारन पेरियासामी से मुलाकात की। दोनों ने इंडिया-यूके कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) से मिलने वाले मौकों पर चर्चा की।
  • 14 सितंबर को लंदन में सीएम की मौजूदगी में 15,300 करोड़ रुपये के एमओयू और लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) साइन हुए। इनसे 10,000 से ज्यादा नौकरियां मिलने की उम्मीद है।
  • सबसे बड़ा करार संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड और उनके यूरोपीय-ब्रिटिश पार्टनर्स के साथ हुआ। ये कंपनियां चेसिस, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और असेंबली फैसिलिटी लगाने के लिए करीब 11,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी, जिससे 7,000 नौकरियां आएंगी।
  • इसके अलावा, यूरोप की एक बड़ी ऑटो कंपोनेंट कंपनी ने भी 3,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 'गाइडेंस तमिलनाडु' को अपना लेटर ऑफ इंटेंट सौंपा है।

लंदन से चेन्नई को क्या मिला?

  • सर्विस और टेक्नोलॉजी सेक्टर की बात करें तो, अर्न्स्ट एंड यंग (EY) ने चेन्नई के नए माउंट-पूनमल्ली जीसीसी कॉरिडोर में एक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) बनाने का करार किया है।
  • यह प्रोजेक्ट बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफॉर्म-ट्रांसफर (BOTT) मॉडल पर बनेगा। इसमें 1,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 2,000 हाई-वैल्यू नौकरियां मिलेंगी।
  • टेक सेक्टर में स्वीडन का सिग्मा टेक्नोलॉजी ग्रुप भी अपनी भारतीय कंपनी श्रीया सॉल्यूशंस के जरिए तिरुचिरापल्ली और चेन्नई में अपना विस्तार करेगा। इससे एम्बेडेड सिस्टम और इलेक्ट्रिफिकेशन में 600 नौकरियां पैदा होंगी।
  • वहीं, यूके की विल्सन पावर सॉल्यूशंस तिरुवल्लूर जिले में 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 400 लोगों को रोजगार मिलेगा।

सीएम विजय और हिंदुजा ग्रुप की हुई क्या डील?

  • सीएम विजय ने हिंदुजा ग्रुप के अधिकारियों से भी मुलाकात की। इनमें अशोक लेलैंड के एमडी धीरज हिंदुजा और फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज के एमडी प्रकाश पी. छाबड़िया शामिल थे। उन्होंने सीएम को 'वेट्री कॉन्क्लेव' में साइन हुए 2,500 करोड़ रुपये के एमओयू की प्रोग्रेस के बारे में बताया। ग्रुप ने रिन्यूएबल एनर्जी (खासकर विंड पावर) में निवेश बढ़ाने और तमिलनाडु में बने कमर्शियल वाहनों का एक्सपोर्ट बढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई है।
  • सीएम विजय ने मशहूर सिल्वरस्टोन मोटर रेसिंग सर्किट का भी दौरा किया। यह दौरा 3 सितंबर को नियम 110 के तहत तमिलनाडु में वर्ल्ड-क्लास मोटर स्पोर्ट्स सिटी बनाने की उनकी घोषणा से जुड़ा था। उन्होंने वहां रेस कंट्रोल, सर्किट और सेफ्टी सिस्टम का जायजा लिया। साथ ही, 2026 मिशेलिन ले मैन्स कप कार रेस को हरी झंडी दिखाई, जिसमें एक्टर और रेसर अजित कुमार ने भी हिस्सा लिया।