Teacher Tortures Student: तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले के थिरुथुरईपूंडी में एक प्राइवेट स्कूल के अंदर तीन साल के प्री-केजी छात्र को क्लासरूम में बांध कर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

School Child Abuse Case: तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले के थिरुथुरईपूंडी के एक प्राइवेट स्कूल में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना घटी है। यहां एक तीन साल के प्री-केजी स्टूडेंट को क्लासरूम के अंदर बांध कर रखा गया। आरोप है कि टीचर की बात न मानने और थोड़ी शैतानी करने पर बच्चे को विनाइल शीट में लपेटकर उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। इस खौफनाक मामले में पुलिस ने स्कूल की एक टीचर और महिला अटेंडेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बंधा हुआ बच्चा उठने की कोशिश कर रहा है और उसकी आंख के पास चोट लगने से खून निकल रहा है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला अटेंडेंट ने ही बच्चे को विनाइल शीट में लपेटकर बांधा था, जबकि टीचर वहां मूकदर्शक बनकर खड़ी थी। पुलिस का मानना है कि विनाइल शीट में बंधे होने के कारण बच्चा नीचे गिर गया, जिससे उसकी आंख के पास चोट आई।

कैसे खुला राज?

स्कूल से घर लौटने पर बच्चे के पिता ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे तो वह सन्न रह गए। उन्होंने बच्चे से पूछा तो उसने बताया कि टीचर और महिला अटेंडेंट ने उसे पीटा है। इसके बाद पिता तुरंत स्कूल पहुंचे और क्लासरूम का सीसीटीवी फुटेज चेक किया। फुटेज देखकर उनके होश उड़ गए। वीडियो में बच्चा हाथ बंधे होने के बावजूद उठने की कोशिश कर रहा था, अपने दांतों से रस्सी काटने की कोशिश कर रहा था और दर्द के मारे बुरी तरह रो रहा था। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि जब बच्चा चीख रहा था, तब क्लास में दूसरे बच्चे और एक महिला, जिसे टीचर माना जा रहा है, वहीं बैठे थे।

पिता ने तुरंत अपने मोबाइल में सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्ड किया और थिरुथुरईपूंडी पुलिस से संपर्क कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने टीचर और महिला अटेंडेंट के खिलाफ बच्चों के प्रति क्रूरता और लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के तूल पकड़ने के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने दोनों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।