Strait Of Hormuz Crisis: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव बढ़ता जा रहा है। ओमान के तट पर भारतीय जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन हमले के बाद अब UAE के पास एक और जहाज पर कब्जे की खबर सामने आई है। भारत ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए समुद्री सुरक्षा पर चिंता जताई है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब समुद्री रास्तों पर साफ दिखाई देने लगा है। दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास लगातार हो रही घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। भारतीय झंडे वाले कार्गो जहाज पर ड्रोन हमले की घटना के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि अब एक और जहाज पर कब्जे की खबर सामने आई है। इस नए घटनाक्रम ने खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे समय में, जब अमेरिका और Iran के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और समुद्री मार्गों पर सैन्य गतिविधियां तेज हो चुकी हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

UAE के पास जहाज पर कब्जे की सूचना

ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO (United Kingdom Maritime Trade Operations) ने गुरुवार को बताया कि संयुक्त अरब अमीरात के Fujairah बंदरगाह से करीब 38 नॉटिकल मील दूर एक जहाज पर अनधिकृत लोगों ने कब्जा कर लिया है। एजेंसी के मुताबिक जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास समुद्र में लंगर डाले खड़ा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार कब्जा करने वाले लोग जहाज को ईरानी समुद्री सीमा की ओर ले जा रहे हैं। हालांकि अब तक जहाज की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही यह साफ हो पाया है कि जहाज किस देश का है। समुद्री सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें: समुद्र में मिली एलियन जैसी मछली, तस्वीरें देखकर डर जाएंगे!

भारतीय जहाज ‘हाजी अली’ पर हुआ था ड्रोन हमला

इससे पहले बुधवार तड़के भारतीय झंडे वाले कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन हमला हुआ था। बताया गया कि जहाज ओमान के उत्तरी तट के पास लीमा क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी करीब 3:30 बजे उस पर हमला किया गया। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई। आग की वजह से जहाज का संतुलन बिगड़ गया और वह समुद्र में डूब गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जैसी स्थिति बन गई।

भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की तीखी आलोचना की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारतीय झंडे वाले जहाज पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल और नागरिक जहाजों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें बचाने में ओमान प्रशासन ने मदद की।

क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?

Strait of Hormuz दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की सैन्य या आतंकी गतिविधि का असर सीधे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बाजार पर पड़ सकता है।

भारतीय जहाजों की सुरक्षा बना बड़ा मुद्दा

भारतीय जहाज पर हमले के बाद अब देश के समुद्री सुरक्षा तंत्र और विदेश नीति पर भी चर्चा तेज हो गई है। खाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय जहाज और नाविक सक्रिय रहते हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा भारत के लिए रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां कब्जे में लिए गए जहाज की पहचान और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं। वहीं खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम होने के कोई संकेत फिलहाल नजर नहीं आ रहे।

यह भी पढ़ें: आंधी-तूफान में टीन के साथ उड़ गया बरेली का ये आदमी, खौफनाक VIDEO देख दहल गए लोग