Bareilly Storm Viral Video: बरेली के भमोरा क्षेत्र में आए तेज तूफान के दौरान एक मजदूर टीन शेड समेत हवा में उड़ गया। वायरल वीडियो ने लोगों को दहला दिया। घायल व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तेज आंधी और चक्रवाती तूफान के बीच एक व्यक्ति टीन शेड समेत हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. यह दृश्य इतना डरावना है कि जिसने भी वीडियो देखा, वह कुछ पल के लिए सन्न रह गया.

घटना बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव की बताई जा रही है, जहां अचानक आए तेज तूफान ने लोगों में दहशत फैला दी. इस हादसे में घायल हुए व्यक्ति की पहचान नन्हे मियां के रूप में हुई है, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं.
बारिश से बचने के लिए टीन शेड के नीचे खड़ा था मजदूर
घायल नन्हे मियां ने होश में आने के बाद बताया कि वह मजदूरी करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने लगीं. बारिश से बचने के लिए वह गांव के एक बारात घर के बाहर लगे टीन शेड के नीचे जाकर खड़े हो गए. वहां पहले से कुछ और लोग भी मौजूद थे, जो बारिश और आंधी से बचने की कोशिश कर रहे थे. नन्हे के मुताबिक तेज हवा के कारण टीन शेड हिलने लगा, जिसके बाद उन्होंने शेड को संभालने के लिए उसकी रस्सी पकड़ ली. लेकिन कुछ ही सेकंड बाद तेज तूफान उन्हें टीन समेत हवा में उठा ले गया.
यह भी पढ़ें: NEET Paper Leak होने के बाद टूटे छात्र ने चुनी मौत! सुसाइड नोट पढ़कर हिल जाएंगे आप
करीब 40 फीट ऊपर उड़ा, फिर खेत में जाकर गिरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तूफान इतना शक्तिशाली था कि नन्हे मियां लगभग 40 फीट तक हवा में उड़ गए. इसके बाद वह करीब 80 फीट दूर एक मक्का के खेत में जाकर गिरे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गांव के लोगों ने तुरंत घायल नन्हे को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. हालांकि फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
वायरल वीडियो ने बढ़ाई दहशत
घटना का वीडियो आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तेज हवाओं के बीच टीन शेड हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतना खतरनाक तूफान नहीं देखा. कई ग्रामीणों के मुताबिक कुछ मिनटों के लिए हालात इतने खराब हो गए थे कि लोगों को समझ ही नहीं आया कि खुद को कैसे सुरक्षित रखें.
प्रशासन से मदद की अपील
अस्पताल में भर्ती नन्हे मियां ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से आर्थिक मदद की अपील की है. उनका कहना है कि वह दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार का खर्च उन्हीं की कमाई से चलता है. नन्हे ने बताया कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और घर में वही अकेले कमाने वाले सदस्य हैं. चोट लगने के कारण फिलहाल वह काम करने की स्थिति में नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद अभी तक प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा है. ऐसे में उन्हें आर्थिक और चिकित्सीय सहायता की जरूरत है.
मौसम विशेषज्ञों की चेतावनी
मौसम विभाग पहले ही उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर चुका था. विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम और चक्रवाती गतिविधियों के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में अचानक तेज तूफान और आंधी की घटनाएं बढ़ रही हैं. ऐसे मौसम में खुले स्थानों, कमजोर टीन शेड, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जा रही है.
