बाइक चोरी करने आए 2 चोरों ने गलती से कॉलिंग बेल बजा दी। लाइट बंद करने की कोशिश में हुई इस गलती से घरवाले जाग गए और चोरों को भागना पड़ा। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

चोरी करते वक्त चोर पूरी कोशिश करते हैं कि कोई भी उन्हें देख न पाए और वे पकड़े न जाएं। कुछ चोर तो इतने शातिर होते हैं कि शरीर पर तेल लगाकर आते हैं ताकि पकड़े जाने पर आसानी से फिसलकर भाग सकें। लेकिन यहां तो चोरों ने खुद ही अपनी पोल खोल दी। उन्होंने घर की कॉलिंग बेल बजाकर घरवालों को जगा दिया।

कॉलिंग बेल बजाकर भागे चोर

चेहरे पर नकाब पहने दो चोर बाइक चुराने के इरादे से एक घर के बाहर दबे पांव पहुंचे। घर के बाहर लाइट जल रही थी, जिसे वे बंद करना चाहते थे। एक चोर ने लाइट का स्विच समझकर कॉलिंग बेल का बटन दबा दिया। लेकिन वो कॉलिंग बेल थी और घर के अंदर ज़ोर से बजने लगी। घंटी की आवाज़ सुनकर घर के लोग जाग गए और चोर वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।

यह घटना कहां की है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में चोरों की यह हरकत कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोर घर के बाहर खड़ी बाइक चुराने आए थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो लोग इस चोरी की कोशिश में शामिल थे। एक चोर बाइक के पास जाकर उसे चुराने का तरीका सोच रहा था, तभी दूसरे ने लाइट बंद करने के चक्कर में कॉलिंग बेल बजा दी। घंटी बजते ही दोनों चोर कुछ ही सेकंड में वहां से भाग खड़े हुए।

चोरों की इस मज़ेदार हरकत का वीडियो वायरल होते ही लोग तरह-तरह के फनी कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, "ये अभी ट्रेनिंग पर हैं, अपनी गलती से सीखेंगे, अगली बार ऐसा नहीं करेंगे।" एक और ने कमेंट किया, "लगता है नौकरी का पहला दिन है।" एक अन्य यूज़र ने लिखा, "ये नए-नए चोरों वाली गलतियां हैं।" किसी ने मज़ाक में कहा, "शायद घर के मालिक ने बहुत स्मार्ट तरीके से कॉलिंग बेल लगवाई होगी।" एक और कमेंट आया, "इस गलती के लिए शायद इसकी नौकरी चली जाएगी।" कुल मिलाकर यह वीडियो अब इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।

View post on Instagram