अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि US-इजरायल हमलों में ईरान की सैन्य ताकत खत्म हो गई है। उन्होंने खामेनेई की मौत और उनके बेटे मुज्तबा के 90% खत्म होने का दावा किया। जवाब में ईरान ने होर्मुज में टैंकरों पर हमला किया, जिससे तनाव बढ़ गया है।

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और उसके बड़े कमांडर मारे गए हैं। ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि ईरान के सर्वोच्च नेता रहे अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुज्तबा खामेनेई '90 फीसदी खत्म' हो चुके हैं।

फॉक्स न्यूज को दिए एक खास इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "खामेनेई चले गए। उनका बेटा 90 फीसदी जा चुका है।" ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल के ज्वाइंट एयर स्ट्राइक में ईरान की नौसेना, वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह तबाह हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के सबसे काबिल कमांडर और नेता पहले ही मारे जा चुके हैं।

बता दें कि 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इजरायली हमले में ही अली खामेनेई की मौत हुई थी और उनके बेटे मुज्तबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हमले के बाद से मुज्तबा सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं। पिछले हफ्ते अपने पिता के अंतिम संस्कार से भी उनकी गैरमौजूदगी ने दुनियाभर में उनकी सेहत को लेकर अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। ट्रंप के बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब महीनों के सीजफायर के बाद अमेरिका और ईरान ने फिर से एक-दूसरे पर हमले शुरू कर दिए हैं। ट्रंप ने अमेरिकी कांग्रेस को आधिकारिक तौर पर बता दिया है कि उन्होंने ईरान के ठिकानों पर हवाई हमले करने और सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ट्रंप ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए सदियों पुरानी अमेरिकी नीति को बदलने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अमेरिका अब अंतरराष्ट्रीय जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने के लिए जहाजों से फीस वसूल सकता है।

अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य में बहरीन और यूएई से जुड़े दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। इस घटना के बाद यूएई ने ईरान को चेतावनी दी है। दुनिया का पांचवां हिस्सा कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी अहम रास्ते से होकर गुजरता है। होर्मुज पर कब्जे की इस लड़ाई ने एक बार फिर पश्चिम एशिया को तनाव की आग में झोंक दिया है।