ट्रेन में टॉयलेट के पास सो रहे 2 CRPF जवानों की एक TTE ने मदद की। इलेक्शन ड्यूटी पर जा रहे जवानों का टिकट कन्फर्म नहीं था। TTE ने उनके लिए बर्थ का इंतजाम किया, जिसकी सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है।

नई दिल्ली: देश की हिफाजत करने वाले जवानों के लिए हम सभी के मन में बहुत सम्मान होता है। लेकिन कई बार उनके साथ ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जो सिस्टम पर सवाल खड़े कर देती हैं। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो जवान ट्रेन के टॉयलेट के पास फर्श पर सोने को मजबूर थे। लेकिन फिर एक TTE ने जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया।

वीडियो में दिखता है कि रात के समय ट्रेन के डिब्बे में टॉयलेट के पास दो जवान फर्श पर सो रहे हैं। तभी एक TTE वहां आते हैं और उन्हें जगाते हैं। जवान उठकर तुरंत अपना आईडी कार्ड दिखाते हैं। पता चलता है कि वे CRPF के जवान हैं और इलेक्शन ड्यूटी पर जा रहे थे। अचानक ड्यूटी लगने की वजह से वे टिकट रिज़र्व नहीं करा पाए थे।

जवानों की हालत देखकर TTE ने बिना देर किए उनके आराम के लिए दो बर्थ का इंतजाम कर दिया। TTE की इस इंसानियत की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। हालांकि, यह घटना किस ट्रेन में और कब हुई, इसकी कोई पक्की जानकारी नहीं है।

TTE के काम की हो रही तारीफ

वीडियो वायरल होने के बाद लोग TTE की खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "जो वीर जवान देश के लिए अपना सब कुछ त्याग देते हैं, उनके लिए आप जो भी कर सकते हैं, ज़रूर करें।"

वहीं, कई लोगों ने इस बात पर गुस्सा भी ज़ाहिर किया कि जवानों को इस तरह सफर करना पड़ रहा है। एक और यूज़र ने कमेंट किया, "सबसे पहले तो, उन्हें वॉशरूम के पास सोने की ज़रूरत ही क्यों पड़ी? यह हमारे सिस्टम के लिए शर्म की बात है। TTE को मेरा सलाम।"

लोगों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल

कुछ लोगों ने वीडियो की सच्चाई पर भी शक जताया। उनका कहना है कि हो सकता है यह वीडियो सिर्फ शूट करने के लिए बनाया गया हो। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जब जवानों को चुनाव ड्यूटी पर भेजा जाता है, तो चुनाव आयोग या सेना को उनके लिए सही इंतज़ाम करने चाहिए। उनकी नाकामी की वजह से जवानों को ऐसी परेशानी झेलनी पड़ती है।

Scroll to load tweet…